
Greater Noida (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा से सटे जेवर कस्बे में रहने वाले रिटायर सैन्यकर्मी के घर से घरेलू सहायक ने नकदी व जेवरात चोरी कर लिए। चोरी की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़ित घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचा लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। डीसीपी के यहां गुहार लगाने के करीब डेढ़ माह बाद पुलिस ने इस घटना की रिपोर्ट दर्ज की है।
जेवर कस्बे के मोहल्ला मॉडल पुरिया में रहने वाले रिटायर सैन्यकर्मी नरेंद्र कुमार ने अपने घर पर ही गाड़ियों की धुलाई का सेंटर खोल रखा है। गाड़ियों की धुलाई के लिए उसने छत्तारी बुलंदशहर निवासी अवधेश कुमार उर्फ शिवम को रखा हुआ था। अवधेश घर के बाहर बने धुलाई सेंटर पर ही रहता था। अवधेश का एक भाई संजय गौतम भी जेवर नौकरी करता था तथा उसके धुलाई सेंटर पर ही सोता था। नरेंद्र के मुताबिक 16 अक्टूबर को वह किसी जरूरी काम से बुलंदशहर गया था। उसकी पत्नी पशुओं को चारा डालने के लिए गई थी।
इस दौरान अवधेश कुमार उर्फ शिवम ने उसके घर में घुसकर सोने का पेंडल, सोने की लौंग तथा 17500 रूपये चोरी कर लिए। पशुओं को चारा डालने के बाद उसकी पत्नी जब घर लौटी तो उसे कमरे का सामान बिखरा हुआ मिला। उसे उन्होंने जब घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो उसमें अवधेश कुमार उर्फ शिवम कमरे में चोरी करता हुआ दिखाई दिया। उन्होंने अवधेश कुमार की तलाश की तो पता चला कि वह मोबाइल स्विच ऑफ कर घर से फरार हो गया है।
उन्होंने इस संबंध में आरोपी के भाई संजय गौतम को बताया तो उसने अपने भाई की गलती मानते हुए कहा कि वह पुलिस में शिकायत ना करें वह उनके नुकसान के पैसे दे देगा। पैसे देने के लिए संजय गौतम ने उनसे कुछ समय मांगा निर्धारित समय बीतने के बाद उन्होंने जब संजय गौतम से पैसे मांगे तो उसने गाली-गलौज करते हुए एससी/एसटी एक्ट के झूठे मुकदमे में फंसवाकर जेल भिजवाने की धमकी दी। नरेंद्र के मुताबिक उसने कई बार पुलिस से मामले में रिपोर्ट लिखने की गुहार लगाई। लेकिन उसके सुनवाई नहीं हुई। उसने ग्रेटर नोएडा जॉन के डीसीपी के यहां अपनी शिकायत दर्ज कराई। डीसीपी के निर्देश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है और जांच पड़ताल कर रही है।