
Greater Noida West : ग्रेटर नोएडा वेस्ट कि जानी-मानी सुपरटेक इकोविलेज वन सोसायटी में बड़ी अनहोनी होने की आशंका बढ़ गई है। सोसायटी के बेसमेंट के पिलरों में दरार आ गई है जिससे सोसायटी में रहने वाले निवासी डरे हुए हैं। यह घटना बिल्डर द्वारा की गई बड़ी लापरवाही को दर्शाता है। सोसायटी के निवासियों के द्वारा कई बार इसकी शिकायत प्राधिकरण में करने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल पाया है। सोसायटी के निवासियों ने मेंटेनेंस विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सुपरटेक इकोविलेज वन सोसायटी के सी 5 टावर के बेसमेंट में लगे कई पिलरों में दरार आ गई हैं। साथ ही गंदा पानी भरा रहता है। जिसमें मच्छर और मक्खी पनपते रहते हैं। टावर की बदहाल हालत के बावजूद 100 से अधिक परिवार रहने के लिए मजबूर हैं। पिलरों में आई दरार की वजह से कोई भी बड़ी घटना हो सकती है। जिससे निवासी सहम गए हैं। सोसायटी की हालत आए दिन खराब होती जा रही है।
विजय चौहान ने बताया कि सोसायटी में पिलर में दरार, 4500 फ्लैट हैंडओवर बिना OC cc के, जलभराव, बिजली इंफ्रा जर्जर औऱ कई अनियमितताओं को देखते हुए साशन प्रसाशन सभी आँखें बंद कर के बैठा है। अब निवासियों को जागने की आवश्यकता है।
सोसायटी के आलोक रस्तोगी ने बताया कि सोसायटी के हालात आए दिन बद से बदतर होते जा रहे हैं। अगर निवासियों द्वारा कार्य के लिए आवाज़ उठाई जाती है तो आवाज उठाने पर नोटिस जारी कर दिए जाते हैं। अगर यही प्रशासन अब तक बिल्डर को टाइट किया होता तो सब फ्लैट, पैसों की रिकवरी, रजिस्ट्री आदि सभी प्रक्रियाएं पूरी हो गई होती। Greater Noida West