
Greater Noida (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ट्राईडेंट एंबेसी सोसाइटी में रहने वाले रिटायर्ड PCS अधिकारी ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मौत से पहले लिखे गए सुसाइड नोट में उन्होंने किसी को भी अपनी आत्महत्या के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया है। पीसीएस अफसर द्वारा उठाए गया यह कदम पूरे ग्रेटर नोएडा में चर्चा का विषय बना हुआ है। उनकी मौत से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ट्राईडेंट एंबेसी सोसाइटी में शोक व्याप्त है।
मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले 66 वर्षीय रिटायर्ड PCS अधिकारी दीनानाथ गुप्ता ट्राईडेंट सोसायटी में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। शुक्रवार की सुबह परिजन जब सो कर उठे तो उन्हें दीनानाथ गुप्ता का शव बालकनी में फंदे पर लटका हुआ मिला। सोसायटी से मिली सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची थाना बिसरख पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि दीनानाथ मिश्र करीब 6 वर्ष पूर्व रिटायर्ड हुए थे और उसके बाद वह यहां अपने परिजनों के साथ रह रहे थे। मौके से एक सुसायड नोट भी मिला है जिसमें दीनानाथ गुप्ता ने आत्महत्या का कारण अपनी बीमारी को बताया है। उन्होंने आत्महत्या के लिए किसी को भी जिम्मेदार नहीं ठहराया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दीनानाथ गुप्ता पिछले काफी समय से डिप्रेशन का शिकार थे और उनकी दवाइयां चल रही थी। Greater Noida