
Greater Noida (चेतना मंच)। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्ट्रीट पंचशील हाईनेस सोसायटी की पार्किंग में कार में शराब पी रहे लोगों को रोकना और वीडियो बनाना एक व्यक्ति को खास महंगा पड़ गया। शराब के नशे में धुत्त लोगों ने उक्त व्यक्ति की जमकर पिटाई की। मारपीट होती देखकर पति को बचाने आई महिला के साथ भी शराबियों ने अभद्र व्यवहार किया।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पंचशील हाईनेस सोसाइटी निवासी भाग्यश्री शुक्ल ने बताया कि 19 नवंबर की रात उनके पति नितिन कुमार शुक्ला सोसायटी की पार्किंग से अपनी कार निकालने के लिए गए थे। पार्किंग में आनंद सिंह, विनीत सिंह व अमित द्विवेदी सहित 7 लोग खुलेआम शराब पी रहे थे। नितिन शुक्ला ने जब उनसे शराब पीने से मना किया तो सभी आरोपी गाली गलौज पर उतर आए। इस दौरान नितिन शुक्ला उनकी वीडियो बनाने लगे, जिस पर शराब पी रहे लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
शोर शराब सुनकर वह नीचे पार्किंग में पहुंची और अपने पति को बचाने का प्रयास किया। भाग्यश्री शुक्ला का आरोप है कि शराब के नशे में धुत लोगों ने उनसे अपशब्द कहते हुए अभ्रद व्यवहार किया और उनका सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। पीड़िता ने घटना से संबंधित फोटो व वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराई है। थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है।