
Greater Noida (चेतना मंच)। थाना बीटा-2 क्षेत्र के सेक्टर पी-3 में तेज गति में आ रही स्कूली वैन का टायर फट गया। टायर फटने से अनियंत्रित हुई वैन एक महिला को टक्कर मारते हुए पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि 3 स्कूली छात्र घायल हो गए। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर हुए सडक़ हादसों में दो लोगों की मौत हो गई।
सेक्टर पी-3 के डी ब्लॉक में रहने वाली कृष्णा पत्नी जगबंधु बुधवार को पैदल जा रही थी। इस दौरान पीछे से आ रही एक स्कूली वैन का टायर फट गया। टायर फटने से अनियंत्रित वैन कृष्णा को टक्कर मारते हुए पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में वैन में सवार 3 बच्चे भी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना बीटा-2 पुलिस ने घायलों को यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान कृष्णा की मौत हो गई। इस हादसे में घायल स्कूली छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के कच्ची सडक़ पर तेज गति में आ रही बस ने बाइक सवार को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त कासना निवासी विनय कुमार पुत्र हरिश्चंद्र के रूप में हुई। विनय एसी मैकेनिक का काम करता था। हादसे के बाद मौके से भागने का प्रयास कर रहे हैं। बस चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
वहीं थाना सूरजपुर क्षेत्र के तिलपता गांव में बाइक सवार अंकित पाठक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अंकित पाठक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।