ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी स्थित फर्नीचर मार्केट में शुक्रवार सुबह एक सीएनसी लकड़ी कटिंग की दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। दुकान के अंदर दो युवक फंस गए और धुएं की चपेट में आने से बेहोश हो गए।

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी स्थित फर्नीचर मार्केट में शुक्रवार सुबह एक सीएनसी लकड़ी कटिंग की दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। दुकान के अंदर दो युवक फंस गए और धुएं की चपेट में आने से बेहोश हो गए। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात बिसरख थाना क्षेत्र के शाहबेरी स्थित फर्नीचर मार्केट में सीएनसी लकड़ी कटिंग की दुकान से आग लगने की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को मिली। आग की सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट और स्थानीय पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। दुकान के भीतर आग और धुएं की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य में अतिरिक्त सावधानी बरती गई। किसी तरह की अनहोनी से बचने के लिए विद्युत विभाग से संपर्क कर इलाके की बिजली आपूर्ति भी बंद कराई गई। इसके बाद दमकल कर्मियों ने दुकान के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद दुकान के अंदर से दो युवकों अल्तमस और अमन को बाहर निकाला। दोनों आग और घने धुएं के कारण बेहोश हो चुके थे। पुलिस और दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए दोनों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अल्तमस को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसकी मौत दम घुटने के कारण हुई है। वहीं, अमन की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। Greater Noida News
विज्ञापन