विज्ञापन
विज्ञापन
आरोप है कि वर्ष 2022 में उन्होंने चेक के जरिए पूरी रकम भुगतान कर दी। इसके बाद संबंधित कंपनी की ओर से उन्हें अलॉटमेंट लेटर, वेलकम लेटर और एग्रीमेंट-टू-पजेशन जैसे दस्तावेज भी दिए गए और भरोसा दिलाया गया कि एक सप्ताह के भीतर रजिस्ट्री उनके नाम करा दी जाएगी।

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के थाना इकोटेक-3 क्षेत्र में निर्माणाधीन मॉल में दुकान दिलाने का झांसा देकर 24,54,883 रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर न्यायालय के निर्देश के बाद पुलिस ने दो बिल्डर समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़ा मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़ित अमित कुमार (निवासी—ग्राम वैदपुरा, ग्रेटर नोएडा) ने अदालत को बताया कि गांव के पास “एनसीआर एरियल टाउन मॉल” (निर्माणाधीन) में अपने व्यवसाय के लिए एक दुकान लेने का सौदा 24,54,883 रुपये में तय हुआ था। आरोप है कि वर्ष 2022 में उन्होंने चेक के जरिए पूरी रकम भुगतान कर दी। इसके बाद संबंधित कंपनी की ओर से उन्हें अलॉटमेंट लेटर, वेलकम लेटर और एग्रीमेंट-टू-पजेशन जैसे दस्तावेज भी दिए गए और भरोसा दिलाया गया कि एक सप्ताह के भीतर रजिस्ट्री उनके नाम करा दी जाएगी। हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि तय समय गुजरने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं की गई और वह जब भी दबाव बनाते, उन्हें टाल दिया जाता रहा। अमित कुमार के मुताबिक जब उन्होंने सख्ती से रजिस्ट्री की मांग की तो आरोपियों ने यह कहकर बात पलट दी कि कंपनी में शुभ डेवलपर्स की 28 प्रतिशत हिस्सेदारी है और दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। पीड़ित का दावा है कि इसी बीच वही दुकान किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी गई।
अमित कुमार का आरोप है कि उन्हें दिए गए कागजात फर्जी तरीके से जारी किए गए और दुकान दिलाने के नाम पर उनसे लाखों रुपये हड़प लिए गए। पीड़ित ने यह भी दावा किया कि आरोपी दूसरी फर्जी कंपनी बनाकर अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी कर रहे हैं। पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने दुकान के संबंध में कब्जा/स्थिति दिखाने की बात कही तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। अदालत में मामले की सुनवाई के बाद थाना इकोटेक-3 पुलिस को संबंधित कंपनी और नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए। पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। Greater Noida News
विज्ञापन