
Greater Noida (चेतना मंच)। मानसिक तनाव के चलते फिजियोथैरेपिस्ट व सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके अलावा गढ़ी शहदरा गांव में एक बेरोजगार युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिले हैं जिस कारण आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मूल रूप से नेपाल का रहने वाला (22 वर्षीय) मनोज नॉलेज पार्ट 3 में एक हॉस्टल में रह रहा था। मनोज फिजियोथैरेपिस्ट की पढ़ाई पूरी करने के बाद इंटर्नशिप कर रहा था। मनोज को हॉस्टल के कमरे में फांसी पर लटका हुआ देखकर संचालक ने इसकी सूचना थाना नॉलेज पार्क पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पता चला है मनोज पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
थाना 142 क्षेत्र के गढ़ी शहदरा गांव में विनोद प्रधान के मकान में किराये पर रहने वाले 19 वर्षीय सोहेल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सोहेल के पिता यामीन का कुछ समय पूर्व निधन हो गया था। सोहेल अपनी मां व बहन के साथ शहदरा गांव में किराये पर रह रहा था। बेरोजगारी के चलते सोहेल परिवार के भरण पोषण को लेकर को लेकर खासा परेशान था।
वहीं थाना बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी में स्थित नागौरी होम्स बालाजी में रहने वाले उज्जवल कुमार पुत्र प्रमोद कुमार ने अपने घर में फांसी लगा ली। उज्जवल को फांसी के फंदे पर लटका देख कर उनकी पत्नी प्रिया राय ने उन्हें पड़ोसियों की मदद से फंदे से उतारा। इसके बाद वह उन्हें यथार्थ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि उज्जवल की 25 नवंबर 2022 को प्रिया राय से शादी हुई थी। उज्जवल कुमार आर सिस्टम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर का काम करते थे नौकरी छूट जाने के कारण वह मार्केटिंग का काम कर रहे थे। उनकी पत्नी एक्सेल कंपनी में काम करती हैं।