
Greater Noida News : यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) द्वारा नोएडा एयरपोर्ट के लिए सरकार को जमीन देने वाले किसानों को अतिरिक्त मुआवजा बांटने की जो व्यवस्था बनाई है उसको लेकर जेवर क्षेत्र के किसानों में भारी उत्साह है। जमीन का अतिरिक्त मुआवजा सुविधापूर्ण ढंग से मिलने के कारण किसान सरकार व यमुना विकास प्राधिकरण की प्रशंसा कर रहे हैं।
ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण तेज गति से इन दिनों चल रहा है। नोएडा एयरपोर्ट के लिए क्षेत्र के किसानों ने बिना किसी विवाद के अपनी जमीन शासन को दी है। यमुना विकास प्राधिकरण (YEIDA) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डा. अरूणवीर सिंह ने किसानों की सुविधा के लिए व्यवस्था की है कि किसानों को 64 प्रतिशत का अतिरिक्त मुआवजा प्राप्त करने के लिए प्राधिकरण व इधर-उधर भटकना न पड़े। इसलिए यीडा के अधिकारी जेवर क्षेत्र के गांवों में जाकर कैंप लगाकर किसानों को मुआवजा बांट रहे हैं।
यीडा के सीईओ डा. अरूण वीर सिंह द्वारा बनाई गई इस व्यवस्था के तहत ग्राम उस्मानपुर में प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा कैंप लगाया गया। कैंप में 11 किसानों को अतिरिक्त प्रतिकर के मद में 1 करोड़ 93 लाख 94 हजार 471 रूपये का भुगतान किया गया। प्राधिकरण के विशष कार्याधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम उस्मानपुर के भूमि अर्जन से प्रभावित अन्य किसानों को मुआवजा बांटने के लिए फिर कैंप लगाया जाएगा। मुआवजा लेने से वंचित किसान प्राधिकरण के सीआर सेल के माध्यम से भूलेख विभाग को दस्तावेज उपलब्ध करा दें ताकि मुआवजे का भुगतान शीघ्र हो सके। मुआवजा आवंटन के दौरान तहसीलदार विपिन कुमार व भूलेख तथा परियोजना विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। Greater Noida News