ग्रेटर नोएडा में दिवाली से पहले रात के समय सड़कों का नजारा बदलने की तैयारी है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण शहर के तीन प्रमुख मार्गों पर नई डेकोरेटिव स्ट्रीट लाइटें लगाने जा रहा है।

Greater Noida : ग्रेटर नोएडा शहर में रात के समय बेहतर रोशनी, सुरक्षित आवागमन और ऊर्जा दक्ष प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने स्ट्रीट लाइट नेटवर्क को विस्तार देने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत शहर के तीन प्रमुख मार्गों पर नई डेकोरेटिव स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना है। इन कार्यों पर कुल करीब 6.46 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्राधिकरण के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल ने बताया कि अलग-अलग मार्गों पर पोल लगाने और प्रकाश व्यवस्था विकसित करने के लिए योजनाएं तैयार की गई हैं। इन लाइटों के लगने से रात में इन मार्गों से गुजरने वाले वाहन चालकों और आसपास की सोसायटियों में रहने वाले लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पहले कार्य के तहत कुलेसरा हिंडन ब्रिज एंट्री प्वाइंट से हल्दौनी मोड़ तक करीब 1.50 किलोमीटर लंबे मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इस मार्ग पर 9 मीटर ऊंचे डबल और सिंगल विंग के कुल 108 पोल लगाए जाएंगे। प्राधिकरण के अनुसार इस कार्य की अनुमानित लागत करीब 1.75 करोड़ रुपये है। दूसरे कार्य के तहत गैलेक्सी वेगा रोटरी से गौड़ सिटी अंडरपास तथा खैरपुर रोटरी से राजेश पायलट रोटरी तक करीब 4 किलोमीटर मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना है। इन मार्गों पर कुल 217 पोल लगाए जाएंगे। इस कार्य पर करीब 98 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। स्ट्रीट लाइट लगने से आसपास की सोसायटियों में रहने वाले लोगों को रात के समय आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। Greater Noida :
तीसरे प्रमुख कार्य के तहत ग्रेटर नोएडा एंट्री प्वाइंट के पास चार मूर्ति चौराहे से एक मूर्ति रोटरी तक 130 मीटर चौड़ी सड़क पर विशेष प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। इस मार्ग पर 9 मीटर ऊंचे कोनिकल आर्च पोल लगाए जाने प्रस्तावित हैं। इस कार्य की अनुमानित लागत करीब 3.74 करोड़ रुपये है। प्राधिकरण की ओर से इस कार्य के लिए ई-निविदा जारी की जा चुकी है और 28 सितंबर 2026 को प्री-बिड बैठक भी आयोजित हो चुकी है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने संबंधित अधिकारियों को तीनों मार्गों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
नई स्ट्रीट लाइटें लगने के बाद इन प्रमुख मार्गों पर रात के समय रोशनी बेहतर होने की उम्मीद है। इससे वाहन चालकों के साथ-साथ आसपास के आवासीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी आवागमन में राहत मिल सकती है। Greater Noida :
विज्ञापन