ग्रेटर नोएडा में दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है। शहर के थाना बीटा-2 क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने महिला समेत तीन लोगों पर घर में जबरन घुसने, मारपीट करने, अगवा कर ले जाने और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है। शहर के थाना बीटा-2 क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने महिला समेत तीन लोगों पर घर में जबरन घुसने, मारपीट करने, अगवा कर ले जाने और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उस पर हमला करने के बाद गोली चलाने का भी प्रयास किया, लेकिन पिस्टल ने काम नहीं किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित श्रीपाल सिंह, जो ग्रेटर नोएडा के पी-3 सेक्टर में रहते हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 मार्च की रात उनके घर पर खानपुर निवासी नूतन सोलंकी, रामपुर निवासी राम शर्मा और नूतन का भांजा लवली उर्फ पवित्र भाटी पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने घर के बाहर पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। माहौल बिगड़ता देख श्रीपाल सिंह ने अपने घर का दरवाजा बंद कर लिया, लेकिन इससे आरोपियों का गुस्सा और बढ़ गया। शिकायत के मुताबिक, तीनों आरोपी ग्रेटर नोएडा में स्थित उनके घर का गेट तोड़कर अंदर घुस आए और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। इतना ही नहीं, पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के बाद उसे जबरन एक गाड़ी में बैठाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। वहां उसके साथ फिर हमला किया गया।
पीड़ित ने बताया कि अज्ञात जगह पर ले जाने के बाद राम शर्मा ने चाकू से उसकी गर्दन और कंधे पर वार किया। श्रीपाल सिंह का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उसे गोली मारकर खत्म करने की भी कोशिश की। उन्होंने बताया कि पिस्टल से फायर करने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी वजह से गोली नहीं चल सकी। इस दौरान वह बुरी तरह घायल और डरा हुआ था। ग्रेटर नोएडा में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद आरोपी उसे उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने धमकी भी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की गई तो उसका अंजाम बेहद बुरा होगा। पीड़ित के अनुसार, किसी तरह हिम्मत जुटाकर उसने अपने भाई को फोन किया और पूरी घटना की जानकारी दी। इस मामले में ग्रेटर नोएडा पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर महिला समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना बीटा-2 पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी आरोपों की पड़ताल की जा रही है। Greater Noida News