
Greater Noida News (चेतना मंच) । उत्तर प्रदेश के आधुनिक शहर ग्रेटर नोएडा और हाईटेक सिटी नोएडा में जालसाजों और ठगों की भारी भरमार है। ग्रेटर नोएडा में एटीएम से पैसा निकालना भी खतरे से खाली नहीं रहा है। इसका ताजा उदाहरण एक बार फिर देखने को मिला है।
ग्रेटर नोएडा में एटीएम बूथ पर पैसे निकालने गए एक युवक का जालसाजों ने धोखाधड़ी से एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए। एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर एक आरोपी की पहचान हो गई है। पीड़ित ने आरोपी व उसके साथियों के खिलाफ ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्रेटर नोएडा के ग्राम तिगरी में किराये पर रहने वाले धीरज कुमार ने बताया कि वह 10 सितंबर को अपने घर से पास के ही बने एटीएम बूथ से पैसे निकालने के लिए गया था। इस दौरान एटीएम बूथ में पहले से ही कुछ लोग मौजूद थे। इन लोगों ने उसे अपनी बातों के जाल में उलझाकर उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। एटीएम से पैसे ना निकलने पर वह वापस घर लौट आया।
धीरज के मुताबिक कुछ देर बाद फोन पर उसके खाते से 20 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। उसने जब जांच पड़ताल की तो पता चला कि पास के ही एक अन्य एटीएम बूथ से उसके कार्ड के जरिए पैसे निकाले गए हैं। उसने बैंक कर्मियों की मदद से एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। एटीएम की फुटेज देखकर कुछ लोगों ने बताया कि उसके साथ जालसाजी करने वाला राजेश नाम का व्यक्ति है। थाना प्रभारी ने बताया कि धीरज की शिकायत पर राजेश व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। Greater Noida