
Greater Noida: दनकौर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से प्रेमी के संग फरार हुई एक किशोरी की जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। जिसका पिछले 2 दिनों से ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरके पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
बागपत जिला निवासी एक व्यक्ति क्षेत्र में स्थित एक गांव के ईंट-भट्ठे पर रहकर मजदूरी का काम करता है। जहां से उनकी 16 वर्ष की बेटी रबूपुरा के रहने वाले शादीशुदा एक युवक के साथ कई दिन पहले संदिग्ध अवस्था में लापता हो गई थी। इस संबंध में पीड़ित परिवार ने दनकौर कोतवाली में भी शिकायत की थी। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने का केस भी दर्ज कर लिया था।
पुलिस का कहना है कि शनिवार की शाम पुलिस को सूचना मिली कि गायब किशोरी दनकौर के एक अस्पताल में एडमिट कराया था। जहां डॉक्टरों ने जहरीला पदार्थ के सेवन से उसकी हालत गंभीर बताई थी। बाद में डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर होते देख उसको ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। जहां रविवार देर रात को इलाज के दौरान किशोरी की मौत हो गई। हालांकि अभी तक पुलिस की जांच में यह सामने नहीं आया है कि किशोरी ने स्वयं जहरीला पदार्थ का सेवन किया है, या किसी अन्य ने उसको खिलाया है।
इस बारे में दनकौर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि इस संबंध में अभी तक मृतक परिवार की तरफ से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में जांचकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।