
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बाइक सवार बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आये दिन बदमाश चेन व मोबाइल फोन लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। बाइक सवार बदमाशों ने अरिहंत आर्डेन्ट सोसाइटी के पास एक महिला से सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट पंचशील हाइनिश सोसाइटी में रहने वाली रुचि सिंह ने बताया कि वह पास के ही बिहारी मार्केट में कुछ सामान खरीद लेकर आई थी। वह पैदल अरिहंत आर्डेन्ट सोसाइटी की तरफ जा रही थी। इस दौरान पीछे से बाइक पर आए दो बदमाश उनके गले से सोने की चेन छीन कर ले गए। उन्होंने बदमाशों को पकडऩे के लिए शोर मचाया लेकिन तब तक वह रफूचक्कर हो गए थे।
रुचि सिंह ने बताया कि उन्होंने इसकी सूचना तुरंत डॉयल-112 व थाना बिसरख पुलिस को दी। थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है।
शहर में जगह-जगह लगे मोबाइल टावर चोरों के लिए सॉफ्ट टारगेट साबित हो रहे हैं। आए दिन चोर इन टावरों पर लगी बैटरी व कीमती उपकरणों को चोरी करने की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ऐच्छर गांव से भी चोरों ने रिलायंस जिओ के दो मोबाइल टावरो से 7 बैटरी चोरी कर ली। कपिल कुमार ने बताया कि सेक्टर पी-1 के पास ऐच्छर गांव में रिलायंस जियो का टावर लगा हुआ है।
गत दिनों इन टावरों से सिग्नल कम आने की शिकायत मिलने पर जब टेक्निकल टीम वहां पहुंची तो उन्हें दो बैटरी गायब मिले। इसके अलावा चोरों ने सिटी पार्क के पास लगे टावर से भी 5 बैटरी को चोरी कर लिया है। थाना बीटा दो प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि दोनों ही मामलों की रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। बता दें कि नोएडा ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में पिछले 1 माह के दौरान रिलायंस जियो के टावरों से करीब 50 से अधिक बैटरी व कीमती उपकरण चोरी हो चुके हैं।
मामूरा गांव में चोरों ने एक मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मकान में रहने वाले 5 किरायेदारों के मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। पीडि़त की शिकायत पर थाना फेस-3 पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ममूरा निवासी विकास राणा की बिल्डिंग में काफी लोग किराए पर रह रहे हैं। बीती रात उनकी बिल्डिंग में चोरों ने पांच घरों को अपना निशाना बनाया।
चोर इस बिल्डिंग में रहने वाले विकास सहगल, रतन, शिवानी तथा सीमा देवी के मोबाइल फोन को चोरी कर ले गए। इस संबंध में विकास ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गर्मी अधिक होने के कारण सभी लोग अपने कमरे का दरवाजा खुला छोडक़र सो गए थे। रात्रि में किसी समय चोरों ने मौका पाकर उनके कमरे में रखे मोबाइल फोन चोरी कर लिए। Greater Noida