
Greater Noida : (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के थाना दादरी पुलिस ने 12 दिन पूर्व अपनी पत्नी व 4 वर्षीय मासूम बच्चे को जान से मारने की नीयत से नहर में फेंकने के आरोपी पति तथा उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। नहर में फेंके गए बच्चे का शव अभी बरामद नहीं हुआ है।
एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि मूल रूप से छत्तीसगढ़ के गांव कोरवा की रहने वाली सरिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने पति आशीष तिवारी के साथ दादरी के तुलसी विहार में किराये के मकान में रह रही है। 3 सितंबर की शाम को उसका पति आशीष तिवारी, ससुर जगदीश तिवारी, चचिया ससुर व आशीष का दोस्त उसे कमरा दिखाने के बहाने कोट गांव लेकर गए। आरोपियों ने उसके साथ सुनसान जगह पर मारपीट की और जान से मारने की नीयत उसे कोट नहर में फेंक दिया। नहर में फेंकने के बाद आरोपी उसके चार वर्षीय बेटे को लेकर वहां से चले गए। किसी तरह वह तैर कर नहर से बाहर निकली और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
एडीसीपी ने बताया कि इस मामले की जांच पड़ताल के दौरान महिला के पति आशीष तिवारी व उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आशीष तिवारी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपनी पत्नी को नहर में फेंकने के बाद कुछ दूर आगे जाकर बेटे को भी नहर में फेंक दिया था। दोनों आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बच्चे का शव तलाशने के लिए एनडीआरएफ के गोताखोरों की मदद ली जा रही है। आसपास के थाना क्षेत्र की पुलिस से भी संपर्क कर बच्चे का शव बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। Greater Noida News