
Greater Noida: परिजनों द्वारा खराब मोबाइल सही न कराने से गुस्साए किशोर ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। किशोर की मौत के बाद से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पी-4 में रहने वाले सजल सिंह माली का काम करते हैं। उनके 15 वर्षीय बेटे सोमनाथ का मोबाइल फोन पिछले कई दिनों से खराब चल रहा था। सोमनाथ ने कई बार खराब मोबाइल को सही कराने के लिए परिजनों से कहा। परिजनों ने उसके द्वारा गेम खेलने का हवाला देकर मोबाइल सही कराने से इंकार कर दिया। परिजनों द्वारा मोबाइल फोन सही ना कराने से गुस्साए सोमनाथ ने अपने कमरे में फांसी लगा ली।
घटना के समय परिजन घर के बाहर गए हुए थे। जब वापस लौटे तो उन्हें सोमनाथ फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। परिजनों ने उसे नीचे उतारा और अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमनाथ की मौत से परिजन उस घड़ी को कोस रहे हैं जब उन्होंने मोबाइल फोन सही कराने से मना कर दिया था।
सिक्योरिटी गार्ड सहित दो युवकों ने की आत्महत्या इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर एक सिक्योरिटी गार्ड सहित दो युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से सुसाइड नोट न मिलने की वजह से आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मूल रूप से बलरामपुर निवासी 19 वर्षीय अहमद हुसैन पृथला गांव में किराए पर रह रहा था। अहमद हुसैन एल्डिको कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। करीब 10 दिन पूर्व उसने नौकरी छोड़ दी थी। रविवार को जब वह दोपहर तक कमरे से बाहर नहीं निकला। पड़ोसियों ने खिड़की से झांक कर देखा तो वह फंदे पर लटका हुआ था। पड़ोसियों ने इसकी सूचना थाना सेक्टर 113 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
वहीं थाना सूरजपुर क्षेत्र के कस्बे में रहने वाले 25 वर्षीय अनिल नामक युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से मथुरा जिले का रहने वाला अनिल अपने परिजनों के साथ कस्बे में रहकर मजदूरी करता था। 2 दिन पूर्व उसके परिजन एक शादी में सम्मिलित होने के लिए मथुरा गए हुए थे। कमरे पर अनिल अकेला ही रह रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।