
Greater Noida (चेतना मंच)। पैसे लेने के बावजूद जमीन का बैनामा ना करने के आरोप में ग्राम प्रधान सहित 2 लोगों के खिलाफ थाना बीटा-2 में धोखाधड़ी व षड्यंत्र रचने का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
दादरी की ओल्ड कोल्ड स्टोर टीचर कॉलोनी निवासी राकेश गौतम ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि जनवरी 2011 में उसके मित्र श्याम पाल गौतम ने थाना जेवर क्षेत्र के ग्राम सिवारा के ग्राम प्रधान धर्मेंद्र से मुलाकात कराई थी। इस दौरान धर्मेंद्र ने बताया कि ग्राम दयानतपुर निवासी कलुआ आर्थिक तंगी के कारण अपनी जमीन बेचना चाहता है। वह उसे इस जमीन को कम कीमत पर दिला देगा। राकेश गौतम ने बताया कि 2 फरवरी 2011 को ग्रेटर नोएडा के ओमेक्स आर्केड में अशोक कुमार के ऑफिस में उक्त जमीन का सौदा 3 लाख रुपये में तय हुआ।
पेशगी के तौर पर उन्होंने कलुआ को डेढ़ लाख रुपये दे दिए। शेष रकम बैनामा के समय देनी तय हुई। पैसा लेने के बाद भी कलुआ ने जमीन का बैनामा नहीं किया। इस बारे में उसने कलुआ और धर्मेंद्र से कई बार जमीन का बैनामा कराने के लिए कहा लेकिन दोनों टालमटोल करते रहे। उन्होंने बताया कि कुछ समय बाद कलुआ अपने गांव को छोड़कर कहीं भाग गया और उसका पता नहीं चला। उसने कई बार ग्राम प्रधान धर्मेंद्र से कलुआ को बुलाकर बैनामा कराने के लिए कहा, लेकिन उसने उसकी बात को अनसुना कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच पड़ताल की जा रही है। Greater Noida