
Greater Noida (चेतना मंच)। बैखौफ चोरों ने ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र में अलग-अलग स्थान पर चोरी के तीन वारदातों को अंजाम दिया। चोर घर से नगदी, जेवरात, कीमती सामान व सीमेंट की बोरी चोरी कर ले गए। पीडि़तों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र के सेक्टर डेल्टा-2 में रहने वाले राम सुरेमन चौधरी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह बीते 13 नवंबर को अपने परिवार के साथ दिल्ली की पालम कॉलोनी गया था। जब वह वापस लौटा तो उसे मकान का ताला टूटा हुआ तथा घर का सामान बिखरा हुआ मिला। उसने जब घर में जांच पड़ताल की तो पता चला कि चोर सोने की चेन, कान के कुंडल, अंगूठी, चांदी की पायल, नगदी व कीमती समान को चोरी कर ले गए हैं।
पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट निवासी राहुल ने पुलिस की शिकायत बताया कि यूपीएसआईडीसी साइट सी स्थित उनके गोदाम से चोरों ने करीब चार लाख रुपए का सामान चोरी कर लिया। कर उसके गोदाम से 9 यूनिट हैंड ड्रिल 15 यूनिट वुड कटर, कॉपर वायर के 10 बंडल, वेल्डिंग मशीन व अन्य सामान को चोरी कर ले गए हैं।
वहीं तिलपता निवासी दुर्गेश जायसवाल ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बीते 5 दिसंबर की रात्रि को चोर उनके घर में बने स्टोर रूम का ताला तोडक़र चार बोरी सीमेंट चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि वह मकान का निर्माण कार्य कर रहे हैं। इस कारण उन्होंने अस्थाई स्टोर रूम बनाया हुआ था। जिसमें सीमेंट रखा हुआ था। थाना प्रभारी प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
ग्रेटर नोएडा की थाना थाना बीटा-2 पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो चोर मैरिज हॉल के पास अपने साथी का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाइक पर बैठे दोनों चोरों को दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से तमंचा कारतूस बरामद हुआ।
आरोपियों ने अपने नाम शिवम पुत्र कुलदीप तथा अर्जुन पुत्र फूल सिंह बताया। दोनों बदमाशों से जब बाइक के कागजात मांगे गए तो उन्होंने बताया कि वह चोरी की है। जांच के दौरान पता चला कि उक्त बाइक दिल्ली से चोरी की गई थी और क्राइम ब्रांच दिल्ली में इस संबंध में मुकदमा दर्ज है। उन्होंने कई महीने पहले इस बाइक को दिल्ली से चोरी किया था। चोरी की बाइक को वह आपराधिक घटनाओं में प्रयोग करते हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।