
Greater Noida (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से विभिन्न घरों से चोरी किया गया सामान, लैपटॉप व जेवरात आदि बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों के कई साथियों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि पुलिस गश्त पर थी। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि हिंडन पुल के पास तीन चोर विभिन्न घरों से चोरी किए गए सामान के साथ खड़े हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बताए गए स्थान पर छापा मारा।
पुलिस ने यहां से शंकर पुत्र रविंद्र शर्मा, प्रीतम पुत्र रविंद्र शर्मा व सरबजीत कुमार मेहता को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से चोरी के चार मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, एक एलइडी, पीली धातु का मंगलसूत्र, दो जोड़ी कान के कुंडल, एक अंगूठी आदि बरामद हुई।
पूछताछ में बताया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर पूर्व में कुलेसरा क्षेत्र के कई घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। बरामद सामान उन्हीं चोरी की घटनाओं का है। थाना प्रभारी ने बताया कि जिन लोगों के घर पूर्व में चोरी हुई थी उन्हें थाने बुलाया गया और सामान की शिनाख्त कराई गई। कई लोगों ने अपना सामान पहचान लिया।
इस मामले में पुलिस पूर्व में भी कई चोरों को गिरफ्तार का जेल भेज चुकी है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।