विज्ञापन
ग्रेटर नोएडा के लाखों वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) के ऊपर तिलपता और मकौड़ा गांव के बीच तैयार किया गया छह लेन रेलवे ओवरब्रिज (ROB) अब आम यातायात के लिए खोल दिया गया है।

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के लाखों वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) के ऊपर तिलपता और मकौड़ा गांव के बीच तैयार किया गया छह लेन रेलवे ओवरब्रिज (ROB) अब आम यातायात के लिए खोल दिया गया है। बुधवार से इस पुल पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने के साथ ही ग्रेटर नोएडा ईस्ट और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम हो गया है। करीब 15 दिन पहले इस ओवरब्रिज का सफल तकनीकी परीक्षण पूरा किया गया था। सभी मानकों पर खरा उतरने के बाद अब इसे जनता के उपयोग के लिए शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि इससे न केवल यात्रा का समय कम होगा बल्कि क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या पर भी काफी हद तक नियंत्रण मिलेगा। Greater Noida News
दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (DMIC) परियोजना के अंतर्गत न्यू दादरी रेलवे स्टेशन से जुड़ी रेल लाइन 130 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क को पार करती है, जो ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इसी कारण इस स्थान पर आधुनिक रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया। यहां पहले से एक अंडरपास भी मौजूद है, लेकिन बरसात के दौरान उसमें अक्सर जलभराव की स्थिति बन जाती थी। पानी भरने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती थी और लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ता था। अब नए ओवरब्रिज के शुरू होने से यात्रियों को इस परेशानी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। परियोजना प्रबंधक मदन गौतम के अनुसार, ओवरब्रिज के एक हिस्से की लंबाई करीब 1600 मीटर जबकि दूसरे हिस्से की लंबाई लगभग 1800 मीटर है। लंबी एप्रोच रोड के कारण वाहन बिना किसी बाधा के आसानी से पुल पर चढ़ और उतर सकेंगे। Greater Noida News
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन की तैयारियों के बीच इस परियोजना को विशेष महत्व दिया जा रहा था। एयरपोर्ट शुरू होने के बाद इस मार्ग पर वाहनों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है। वर्तमान में भी ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर चौड़ी सड़क से प्रतिदिन एक लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं। हाल ही में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने के बाद यातायात का दबाव और बढ़ गया है। Greater Noida News
ओवरब्रिज चालू होने के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने परियोजना विभाग के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे उड़ती धूल और अन्य कमियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई गई तथा जल्द सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने कहा कि तिलपता क्षेत्र का यह नया रेलवे ओवरब्रिज स्थानीय निवासियों और यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा। साथ ही क्षेत्र में ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है। Greater Noida News
प्राधिकरण अब तिलपता गोलचक्कर के दोनों ओर 130 मीटर चौड़ी सड़क पर नए यू-टर्न बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और निर्माण एजेंसियों से आवेदन मांगे गए हैं। तिलपता कंटेनर डिपो होने के कारण इस क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। ऐसे में नए यू-टर्न बनने से ट्रैफिक का दबाव कम होगा और गोलचक्कर पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना को अगले तीन महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। 130 मीटर चौड़ी सड़क ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और आगामी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ने वाले सबसे महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है। ऐसे में रेलवे ओवरब्रिज के उद्घाटन और प्रस्तावित यू-टर्न निर्माण को क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और जाममुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। Greater Noida News
विज्ञापन