
Greater Noida (चेतना मंच)। दहेज की मांग पूरी ना होने पर ससुरालियों ने महिला का इस कदर शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया कि वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठी है। पीड़िता के पिता ने थाना जारचा में पति सास और ससुर के खिलाफ दहेज के लिए उत्पीडि़त करने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्राम पटाड़ी निवासी ऋषिपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने 5 दिसंबर 2012 को अपनी पुत्री की शादी ग्राम बेगमपुर खटोला जिला गुरुग्राम हरियाणा निवासी नरवीर राघव उर्फ टीनू के साथ की थी। शादी के समय उन्होंने हैसियत अनुसार दान दहेज दिया था, इसके बावजूद उसकी पुत्री के ससुराल वाले दिए गए दहेज से खुश नहीं थे। शादी के कुछ समय बाद उसकी बेटी निशा पर मायके से सेंट्रो कार और 2 लाख रूपये की नकदी लाने का दबाव डाला जाने लगा। निशा ने जब इसका विरोध किया तो उसके पति, सास, ससुर ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।
जानकारी मिलने पर गांव के संभ्रांत लोगों ने बीच-बचाव कर मामले में फैसला कराया। ऋषिपाल सिंह ने बताया कि कुछ समय बाद ससुराल वालों ने निशा पर अपने हिस्से की जमीन को नाम कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इंकार करने पर इन्होंने निशा को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। कई बार मारपीट के दौरान उसे गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई।
ऋषिपाल सिंह के मुताबिक उसकी पुत्री को ससुराल वालों ने इस कदर प्रताडऩा दी गई कि वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठी है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पति नरवीर, सास शिव कुमारी व ससुर राकेश राघव के खिलाफ दहेज उत्पीडऩ सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। Greater Noida News