
Greater Noida : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा शहर में एक ही दिन में दो शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मरने वाले दोनों ही लोगों की पहचान नहीं हो सकी है। ग्रेटर नोएडा पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्रेटर नोएडा के सिरसा गोल चक्कर के पास बुध्वार की सुबह नाले की सफाई के दौरान सफाई कर्मियों को एक मानव कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। थाना कासना पुलिस ने कंकाल का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि बुधवार की सुबह ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कर्मचारियों द्वारा सिरसा गोल चक्कर के पास नाले की सफाई का कार्य किया जा रहा था। इस दौरान सफाई कर्मियों को एक व्यक्ति का मानव कंकाल दिखाई दिया। सफाई कर्मियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मानव कंकाल को बाहर निकाला। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए गए। थाना प्रभारी ने बताया कि मानव कंकाल कई महीने पुराना लग रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि यह कंकाल संभवत: कहीं पीछे से बहकर आया है। आसपास के थाना क्षेत्र को मानव कंकाल मिलने की सूचना दे दी गई है। पुलिस कासना क्षेत्र से भी लापता हुए लोगों की सूची को खंगाल रही है।
Noida News : बदमाशों ने महिला टीचर को भी नहीं छोड़ा, दूध लेने गई महिला को भी लूटा
ग्रेटर नोएडा के थाना जारचा क्षेत्र के जीटी रोड पर सैंथली गांव के पास एक युवक का शव सडक़ किनारे पड़ा मिला मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि किसी व्यक्ति ने सूचना दी कि सैंथली गांव के श्रीराम धर्म कांटा के पास सडक़ किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी के मुताबिक शव पर चोट के निशान नहीं है। मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है और आसपास के थाना क्षेत्र की पुलिस को अज्ञात शव मिलने की सूचना दी गई है। Greater Noida