
Greater Noida : UP के ग्रेटर नोएडा से बड़ी खबर आ रही है। खबर यह है कि ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर में दो लाख से भी अधिक खास विदेशी "मेहमान" आने वाले हैं। इन मेहमानों में से कुछ तो ग्रेटर नोएडा पहुंच भी गए हैं। इन खास मेहमानों में 25 से 30 प्रजातियों के मेहमान शामिल होंगे।
इस समाचार का शीर्षक व भूमिका पढ़कर आप चौंक रहे होंगे कि अचानक दो लाख विदेशी मेहमान ग्रेटर नोएडा में कहां से और क्यों आ रहे हैं। आपके इस प्रश्न का उत्तर यह है कि यें विदेशी मेहमान इंसान नहीं हैं बल्कि प्रवासी पक्षी हैं। अलग-अलग देशों से आने वाले प्रवासी पक्षी हर वर्ष सर्दी के मौसम में ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में सूरजपुर कस्बे के पास स्थित वेटलैंड पर आते है। जब उन पक्षियों के देश का मौसम अनुकूल हो जाता है तो वें सभी पक्षी अपने-अपने देश में वापस चले जाते हैं। पक्षी प्रेमियों का कहना है कि वर्ष-2022 में ग्रेटर नोएडा वेटलैंड में एक लाख 75 हजार विदेशी पक्षी आए थे। इस वर्ष कम से कम दो लाख विदेशी पक्षी ग्रेटर नोएडा आने वाले हैं।
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर के पास वन विभाग ने एक विशाल वेटलैंड क्षेत्र विकसित कर रखा है। विदेशों में जब मौसम पक्षियों के रहने लायक नहीं रहता है तो अलग-अलग देशों के पक्षी उड़कर ग्रेटर नोएडा की इस वेटलैंड में आ जाते हैं। पूरे सर्दी के मौसम में आप 30 से 35 प्रजातियों के पक्षी ग्रेटर नोएडा की वेटलैंड में देख सकते हैं। ये पक्षी इतने सुंदर व रंग-बिरंगे होते है। कि अनेक पक्षी प्रेमी प्रतिदिन इन विदेशी पक्षियों को देखनो ग्रेटर नोएडा जाते हैं। इस दौरान भारतीय पक्षी भी विदेशी पक्षियों के साथ रहते हैं। ऐसा लगता है कि मानो भारतीय पक्षी अपने विदेशी पक्षी मित्रों के स्वागत तथा आवभगत के लिए ग्रेटर नोएडा की सूरजपुर वेटलैंड में रहते हैं।
प्रसिद्ध पक्षी प्रेमी डी.एल. चौधरी बताते हैं कि सूरजपुर वेटलैंड में 25 से 30 प्रजातियों के पक्षी आते हैं। अभी से अनेक पक्षियों ने यहां आना भी शुरू कर दिया है। यहां यूरोप, मध्य एशिया, चीन, साउथ ईस्ट एशिया, आस्ट्रेलिया, रूस व साईबेरिया आदि देशों से एक से एक सुंदर प्रजाति के पक्षी आते हैं। अब आप समझ गए होंगे कि आपको अपने इन खास विदेशी मेहमानों का स्वागत-सत्कार कैसे करना है।