
Greater Noida (चेतना मंच)। लुक्सर स्थित जिला कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक बंदी की आज सुबह मौत हो गई। बंदी पिछले काफी समय से हाइपरटेंशन का शिकार था और उसका उपचार चल रहा था। पिछले एक सप्ताह के दौरान लुक्सर कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 2 बंदियों की मौत हो चुकी है।
थाना ईकोटेक-1 प्रभारी सरिता मलिक ने बताया कि लुक्सर कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे (67 वर्षीय) रियाज़ पुत्र मियाज को आज सुबह गंभीर स्थिति में उपचार के लिए जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रियाज हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। उसे गत 26 मार्च को सहारनपुर जेल से लुक्सर कारागार में स्थानांतरित किया गया था। रियाज पिछले काफी समय से हाइपरटेंशन का शिकार था और उसका जेल अस्पताल में उपचार चल रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को इस हादसे की सूचना दे दी गई है।