
Greater Noida : (चेतना मंच)। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में सोमवार को पारिवारिक कलह और आर्थिक परेशानी के चलते दो युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से ग्रेटर नोएडा पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जांच में कलह की वजह से आत्महत्या की बात सामने आई है।
ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-1 क्षेत्र के अमरपुर गांव के जंगल में एक युवक का शव फंदे पर लटका देखकर किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतार कर उसकी पहचान कराई तो मृतक की शिनाख्त अमरपुर गांव निवासी 27 वर्षीय रियाजुद्दीन के रूप में हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों ने रविवार को ही रियाजुद्दीन की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रियाजुद्दीन आर्थिक रूप से परेशान चल रहा था और उस पर कुछ कर्ज हो गया था। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच भी आपसी कलह रहती थी। उसकी पत्नी बीते दिनों अपने मायके चली गई थी। जिसके बाद रियाजुद्दीन और परेशान हो गया था। रियाजुद्दीन 2 दिन से अपने घर से लापता था। थाना प्रभारी के मुताबिक रियाजुद्दीन के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
इसके अलावा ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र के ग्राम मुबारकपुर में 31 वर्षीय कृष्ण पुत्र सुभाष चंद्र शर्मा ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। कृष्ण को फंदे पर लटका देखकर परिजनों ने उसे नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह की बात सामने आई है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। थाना सूरजपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।