
Greater Noida (चेतना मंच)। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक फर्म के पार्टनर को फंसाने के लिए तीन लोगों ने ऐसा काम किया कि मामला सुनकर पुलिस भी हैरान है। ग्रेटर नोएडा में एक व्यक्ति ने एक फर्म के कोरे चेक चोरी कर लिए और फिर चेक में उल्टी सीधी राशि भरकर दो लोगों को जारी कर दिए, जिस कारण चेक बैंक से बाउंस हो गए। चेक बाउंस होने पर पार्टनर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
मामला ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र का है। ग्रेटर नोएडा के जेपी ग्रींस निवासी आशीष चौधरी ने बताया कि वह एक फर्म के निदेशक हैं। उनकी फर्म सिविल वर्क का कार्य करती है। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा 1 में रहने वाले गणेश इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर योगेंद्र चौधरी से उनके पुराने ताल्लुक थे और घर आना जाना था। योगेंद्र चौधरी ने उन्हें कुछ कार्य देने को कहा। इस पर उन्होंने योगेंद्र चौधरी को कानपुर, मध्य प्रदेश तथा अन्य राज्यों में अपनी कंपनी का कार्य करने के लिए अधिकार पत्र दे दिया। इसके अलावा कई स्थानों पर उन्हें कार्य भी दिलवा दिया। आशीष चौधरी के मुताबिक योगेंद्र चौधरी ने उनके द्वारा दिलवाया गया काम समय से पूरा नहीं किया और उन्हें अधूरा छोड़ दिया।
अपनी कंपनी की साख को बचाने के लिए आशीष ने योगेंद्र चौधरी द्वारा अधूरे छोड़े गए कार्यों को खुद पूरा कराया और योगेंद्र चौधरी आगे से काम देने से मना कर दिया। इस बात से रंजिश मानकर योगेंद्र चौधरी ने आशीष के ऑफिस से कई ब्लैंक चेक चोरी कर लिए और उन चेकों में खुद धनराशि भरकर अपने तथा सुपरवाइजर मुकेश कुमार व सुरेश पाल के नाम जारी कर दिए। जिसके बाद चेक बाउंस होने पर उसके विरुद्ध झूठा मुकदमा भी दायर कर दिया गया।
आशीष चौधरी के मुताबिक इस बात पर जब उसने योगेंद्र चौधरी मुकेश कुमार और सुरेश पाल से बात की तो उन्होंने उसे धमकी देते हुए कहा कि उनके पास अभी भी और चेक रखे हुए हैं जिन्हें वह बाउंस करा कर और मुकदमे उसे पर दायर करेंगे। मुकदमा दायर न करने की एवज में आरोपियों ने उसे 10 करोड रुपये दिए जाने की मांग की। पैसे न दिए जाने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। यह मामला न्यायालय के निर्देश पर दर्ज किया गया है।