ग्रेटर नोएडा में यूपीआईटीएस 2026 का ग्रेटर नोएडा में सफल समापन हुआ। पांच दिनों में छह लाख लोग पहुंचे और 4,400 एमओयू के साथ करीब 6,500 करोड़ के समझौते

Greater Noida News : उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और कारोबारी ताकत को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) 2026 का पांच दिवसीय आयोजन मंगलवार, 29 सितंबर को हर्षोल्लास के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में 25 सितंबर से शुरू हुए यूपीआईटीएस के चौथे संस्करण ने कारोबार, निवेश, एमएसएमई, निर्यात और खान-पान के क्षेत्र में नई पहचान बनाई।
बाय-बाय यूपीआईटीएस 2026... अब 2027 में फिर मुलाकात होगी। पांच दिनों तक ग्रेटर नोएडा का इंडिया एक्सपो मार्ट उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, कारोबारी और सांस्कृतिक ताकत का केंद्र बना रहा। Greater Noida News :
यूपीआईटीएस 2026 का शुभारंभ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में किया। उद्घाटन के बाद पांच दिनों तक देश-विदेश से आए कारोबारी, निवेशक, खरीदार, प्रतिनिधिमंडल और आम लोग ट्रेड शो में पहुंचते रहे।
आयोजन के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों तथा शासन के वरिष्ठ अधिकारियों की भी मौजूदगी रही। चौथे दिन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ट्रेड शो में पहुंचे व्यापारियों और उद्यमियों के साथ संवाद किया।
Greater Noida News :
इस बार यूपीआईटीएस की सबसे बड़ी विशेषताओं में 'एक जनपद, एक व्यंजन' की थीम रही। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की पहचान बने खान-पान को एक ही छत के नीचे प्रस्तुत किया गया।
एनसीआर के विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में लोग ग्रेटर नोएडा पहुंचे और प्रदेश के अलग-अलग जिलों के प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद लिया। यही वजह रही कि यूपीआईटीएस केवल कारोबारियों और निवेशकों का आयोजन न रहकर आम जनता के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन गया।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार पांच दिनों में करीब छह लाख लोगों ने ट्रेड शो में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
यूपीआईटीएस 2026 के दौरान कारोबार और निवेश के मोर्चे पर भी बड़े आंकड़े सामने आए। आयोजन के दौरान करीब 680 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 6,500 करोड़ रुपये मूल्य के 4,400 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इसके अलावा ट्रेड शो के दौरान कारोबारियों को मिली बिजनेस इंक्वायरी के आधार पर करीब 15,500 करोड़ रुपये के संभावित कारोबार का अनुमान लगाया गया है।
ये आंकड़े बताते हैं कि ग्रेटर नोएडा में आयोजित यह आयोजन उत्तर प्रदेश के एमएसएमई, विनिर्माण और निर्यात क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कारोबारी मंच के रूप में स्थापित हो रहा है। Greater Noida News :
यूपीआईटीएस 2026 में इस बार अंतरराष्ट्रीय भागीदारी भी पहले की तुलना में व्यापक रही। पिछले संस्करण में रूस पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल हुआ था, जबकि इस बार रूस के साथ ऑस्ट्रिया, जापान, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम सहित कुल छह देशों ने पार्टनर कंट्री के रूप में भागीदारी की।
विदेशी प्रतिनिधिमंडलों ने उत्तर प्रदेश के विनिर्माण, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल तथा एग्री-फूड प्रोसेसिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में रुचि दिखाई।
यूपीआईटीएस 2026 ने एक बार फिर यह दिखाया कि ग्रेटर नोएडा केवल औद्योगिक निवेश का केंद्र ही नहीं, बल्कि बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए भी तेजी से महत्वपूर्ण स्थान बन रहा है।
पांच दिनों तक इंडिया एक्सपो मार्ट में कारोबारियों, खरीदारों, निवेशकों, विदेशी प्रतिनिधियों और आम लोगों की मौजूदगी रही। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के उत्पादों और स्थानीय व्यंजनों ने इस आयोजन को कारोबारी गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक रंग भी दिया।
यूपीआईटीएस 2026 के सफल समापन के साथ अब ग्रेटर नोएडा में इस आयोजन के अगले संस्करण का इंतजार शुरू हो गया है। पांच दिनों तक चले इस बड़े आयोजन ने उत्तर प्रदेश के उत्पादों, उद्यमियों और एमएसएमई को देश-दुनिया के सामने अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर दिया।
ग्रेटर नोएडा ने यूपीआईटीएस 2026 को विदाई दे दी है। संदेश साफ है—बाय-बाय यूपीआईटीएस 2026... अब 2027 में फिर मुलाकात होगी।
Greater Noida News :
विज्ञापन