
Greater Noida: थाना बादलपुर पुलिस ने गुमशुदा अरुण कुमार की हत्या के मामले का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सिगरेट और पान मसाले के पैसे मांगने पर भाई को जान से मारने की धमकी देने पर आरोपी ने अरुण को मौत के घाट उतारा था।
एडीसीपी सेंट्रल जोन साद मियां खान ने बताया कि गत 29 नवंबर को ग्राम मिलक खटाना निवासी अरुण कुमार पुत्र राजपाल सिंह के परिजनों ने उसके लापता होने की रिपोर्ट थाना बादलपुर में दर्ज कराई थी। 1 दिसंबर को थाना सूरजपुर क्षेत्र के ग्राम देवला के नाले से एक शव बरामद हुआ जिसकी शिनाख्त गुमशुदा अरुण कुमार के रूप में हुई। इसके पश्चात थाना बादलपुर थाने में हत्या का मामला पंजीकृत किया गया।
मामले की विवेचना कर रहे थाना प्रभारी रविंद्र कुमार को जानकारी मिली कि लापता होने वाले दिन अरुण दादरी ओवर ब्रिज के नीचे विकास के पान के खोखे पर गया था। कई लोगों ने विकास के भाई आकाश के साथ उसे शराब पीते हुए देखा था। संदेह के आधार पर विकास के भाई आकाश से पूछताछ की गई तो इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। आकाश ने बताया कि अरुण उसके भाई विकास के खोखे पर आता था और सिगरेट गुटका लेने के बाद पैसे नहीं देता था। गत 20 नवंबर की रात्रि को अरुण ने सिगरेट ली और पैसे नहीं दिए जिस पर विकास और अरुण के बीच कहासुनी हो गई।
आकाश ने बताया कि उसने बीच-बचाव किया तो अरुण ने कहा कि तुम्हारा भाई बार-बार पैसे मांगता है इसलिए वह उसे जान से मार देगा।अरुण की बात सुनकर आकाश ने उसे मारने की योजना बनाई और उसे अपनी स्विफ्ट डिजायर कार में बैठाकर दादरी के ओवर ब्रिज के पास ले गया। यहां उसने ठेके से शराब खरीदी। आकाश को जमकर शराब पिलाने के बाद वह कार को देवला गांव के नाले के पास सुनसान जगह पर ले गया। आकाश ने बताया कि उसने कार में ही चाकू से अरुण का गला रेत दिया। अरुण जब अधमरा हो गया तो उसके सिर पर पत्थर से कई वार किए जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को नाले में फेंक दिया और घर लौट गया। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू, पत्थर का टुकड़ा व स्विफ्ट डिजायर कार को भी बरामद किया गया है।