Greater Noida : नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत पूरे जनपद गौतमबुद्धनगर के मतदाताओं को जागरूक करने के लिए ईवीएम प्रदर्शन केन्द्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवी पैट मशीन का उपयोग करके मतदान करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जनवरी 2024 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में डीएम मनीष कुमार वर्मा 27 अक्टूबर 2023 से 9 जनवरी 2024 तक प्राप्त फार्मो के निस्तारण की स्थिति के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्र में कुल 60790 फॉर्म 6 प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 52914 फॉर्म स्वीकृत हुए एवं 3552 फॉर्म को अस्वीकृत किया गया। इसी प्रकार कुल 74843 फॉर्म 7 प्राप्त हुए, जिनमें से 66038 फार्म स्वीकृत हुए एवं 1491 फॉर्म अस्वीकृत हुए एवं 41810 फॉर्म 8 प्राप्त हुए, जिनमें से 37536 स्वीकृत हुए एवं 1680 फॉर्म अस्वीकृत किए गए।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी को बताया कि जिन नए मतदाताओं के पहचान पत्र बनवाए गए हैं, उनको डाक विभाग के द्वारा सही तरीके से डिलीवर नहीं कराया जा रहा, जिसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने डाक विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पहचान पत्रों को सही ढंग से मतदाताओं तक पहुंचाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि आप लोग भी अपने बीएलओ के माध्यम से सुनिश्चित करा लें कि मृतक/डुप्लीकेट/शिफ्टेड व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में पंजीकृत न रहे।
उन्होंने कहा कि बहुमंजिला भवनों में बनाए गए नए मतदाता स्थलों की सूचना मतदाताओं को देने में भी आप अपना सहयोग प्रदान करें एवं मतदेय स्थल संभाजन के कारण जिन मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट में अगर सही पते पर या उपयुक्त बूथ नहीं है, तो उनका फॉर्म 8 भरवा कर सही मतदेय स्थल पर शिफ्ट करायें। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि आप भी अपने स्तर से मतदाताओं को जागरूक करें कि वोटर कार्ड को प्रिंट होने एवं उसे डाक से भेजने में कुछ समय लगता है, इसलिए मतदाता दोबारा से फॉर्म 6 ना भरे, बल्कि वोटर हेल्पलाइन, मोबाइल एप VHA, http://voters.eci.gov.in, नेशनल वोटर सर्विस पोर्टल http://www.nvsp.in द्वारा ई-ईपिक डाउनलोड कर सकते हैं। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि जनपद में मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से ईवीएम प्रदर्शन केंद्र बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक किया जाएगा। आप भी इसके लिए अपने-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक मतदाताओं को जागरूक करें।
Greater Noida Newsडीएम मनीष कुमार वर्मा ने बैठक के उपरांत पत्रकार के साथ वार्ता करते हुए संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत वर्तमान तक प्राप्त फॉर्म की निस्तारण की स्थिति से अवगत कराया और बताया कि जनपद में मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से ईवीएम प्रदर्शन केंद्र की स्थापना जिला मुख्यालय, तहसील, अस्पताल तथा अन्य स्थान पर की जाएगी, जिसके माध्यम से मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीन का उपयोग करके वोट डालने के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
डीएम मनीष कुमार वर्मा बैठक के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित किए गए ईवीएम प्रदर्शन केंद्र का भी शुभारंभ किया। बैठक में समस्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।