ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी क्षेत्र में वर्षों से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इस इलाके में 2.5 किलोमीटर लंबा तीन लेन का डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनाने की तैयारी कर रहा है।

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी क्षेत्र में वर्षों से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इस इलाके में 2.5 किलोमीटर लंबा तीन लेन का डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनाने की तैयारी कर रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्रस्ताव 15 अगस्त के बाद होने वाली प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होगी। इस परियोजना पर करीब 1,200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। Greater Noida News
अधिकारियों के अनुसार, परियोजना का विस्तृत एस्टीमेट तैयार किया जा चुका है। यह डबल डेकर एलिवेटेड रोड ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 130 मीटर चौड़ी सड़क को शाहबेरी और क्रॉसिंग रिपब्लिक के रास्ते राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (NH-9) से जोड़ेगा। करीब 2.5 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, नोएडा प्राधिकरण, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के संयुक्त सहयोग से किया जाएगा। परियोजना की लागत भी सभी संबंधित एजेंसियां मिलकर वहन करेंगी। Greater Noida News
प्रस्तावित एलिवेटेड रोड को दो स्तरों पर विकसित किया जाएगा। पहली मंजिल से ग्रेटर नोएडा की ओर से गाजियाबाद जाने वाले वाहन गुजरेंगे, जबकि दूसरी मंजिल गाजियाबाद से ग्रेटर नोएडा आने वाले यातायात के लिए होगी। नीचे की मौजूदा सड़क स्थानीय निवासियों और आसपास के यातायात के लिए पहले की तरह खुली रहेगी। एलिवेटेड रोड की चौड़ाई लगभग 9 से 10 मीटर होगी, जिससे ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा और शाहबेरी क्षेत्र में रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। शुरुआत में यहां चार लेन का एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव था, लेकिन भूमि संबंधी बाधाओं के कारण परियोजना में बदलाव किया गया। पिछले महीने प्राधिकरण और NHAI के अधिकारियों के बीच हुई बैठक में विशेषज्ञ सलाहकार की राय के बाद डबल डेकर एलिवेटेड रोड के विकल्प पर सहमति बनी। माना जा रहा है कि यह मॉडल कम जगह में अधिक यातायात क्षमता उपलब्ध कराएगा। Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एन.जी. रवि कुमार ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट से NH-9 तक निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए शाहबेरी में डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनाने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव आगामी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा और मंजूरी मिलते ही निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उनके अनुसार, इस परियोजना के पूरा होने के बाद शाहबेरी और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी। Greater Noida News
इधर, गौतमबुद्ध नगर में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए परिवहन विभाग ने भी बड़ा अभियान शुरू करने की तैयारी की है। जिले के विभिन्न मार्गों पर चिन्हित 27 अवैध कट अगले सप्ताह से स्थायी रूप से बंद किए जाएंगे। इन कटों को दोबारा खुलने से रोकने के लिए कंक्रीट बैरियर और लोहे की ग्रिल लगाकर सील किया जाएगा। परिवहन विभाग के अनुसार, इस संबंध में तीनों विकास प्राधिकरणों और NHAI को पहले ही पत्र भेजा जा चुका है। कांवड़ यात्रा समाप्त होने के बाद अभियान शुरू किया जाएगा। एआरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पांडे ने बताया कि सड़क सुरक्षा सर्वे के दौरान इन अवैध कटों की पहचान की गई थी। इन्हें बंद करने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगी। Greater Noida News
विज्ञापन