
Greater Noida West: उत्तर प्रदेश के सबसे आधुनिक शहर कहे जाने वाले शहर ग्रेटर नोएडा से सटे ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों के लिए विभिन्न सोसायटी के टॉवरों में लगी लिफ्ट सिरदर्द बन गई है। लिफ्ट के जरिए फ्लैट में आना जाना उनके लिए रिस्की हो गया है। इसका ताजा मामला सोमवार की सुबह देखने को मिला। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसायटी में बिजली चले जाने से लिफ्ट बीच में ही अटक गई जिससे कई लोग लिफ्ट में फंस गए।
मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट की इको विलेज 1 सोसायटी का है। सोसायटी के ए 4 टॉवर के कुछ नागरिक अपने अपने दफ्तरों के लिए निकल रहे थे तो बच्चे स्कूल कालेज जाने की तैयारी कर रहे थे। बताया जाता है कि इसी दौरान अचानक से बिजली गुल हो गई और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की इको विलेज सोसायटी के ए 4 टॉवर में लगी लिफ्ट बीच में ही बंद हो गई। लिफ्ट बंद होने से उसमें मौजूद कई लोग बीच में ही फंस गए।
लिफ्ट में फंसे लोगों ने अपने अपने मोबाइल से फोन कर परिजनों तथा सोसायटी के सुरक्षा गार्ड आदि से संपर्क किया। जिसके बाद सोसायटी का स्टाफ मौेके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लाइट चले जाने पर लिफ्ट होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई सोसायटियों में लिफ्ट बंद हो चुकी है और लोगों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ चुका है। बार बार मांग के बावजूद इस व्यवस्था को दुरुस्त नहीं कराया जा रहा है। Greater Noida West