
Greater Noida West : केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो प्रोजेक्ट को नामंजूर कर दिया गया है, जिसके बाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों में केंद्र की भाजपा सरकार के प्रति आक्रोश व्याप्त है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए मेट्रो प्रोजेक्ट को मंजूरी न मिलने से नाराज यहां के लोगों ने रविवार को केंद्र सरकार के खिलाफ जुलूस निकाला और नारेबाजी की।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सैकड़ों लोग रविवार को एकमूर्ति चौक पर एकत्रित हुए और केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। इन लोगों का कहना था कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए बार बार मेट्रो प्रोजेक्ट बनता है और सरकार द्वारा बार बार रद्द कर दिया जाता है।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए नेफोवा के अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा है कि सरकार अपनी मनमानी पर उतारू है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए मेट्रो के प्रोजेक्ट को बार बार रद्द किया जा रहा है, जिसे अब सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार अगला आंदोलन दिल्ली में किया जाएगा। 10 दिसंबर को जंतर मंतर पर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा और शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मिलकर मेट्रो की मांग को मजबूती से रखा जाएगा।
मिहिर गौतम ने कहा कि नेताओं पर भरोसा करने का कोई फायदा नहीं हुआ है। पिछले 10 साल से जायद वक्त से मेट्रो का झुनझुना दिया जा रहा है, लेकिन हर बार कोई ना कोई बहाना बना दिया जाता है। उन्होंने कहा है कि अब जनता सबकुछ समझ चुकी है और अपने अधिकारों की लड़ाई शांतिपूर्ण तरीके से लड़ रही है।
प्रदर्शन करने वालों में सीवी सिंह, परमेश्वर दुबे, दीपांकर कुमार, सुधांशु, नीरज श्रीवास्तव, शिव, डॉ सुशील, समीर, ज्योति जायसवाल, मयंका, विकास कुमार, विनीत, शैलेश, सौरभ,गौरव, शैलेश, अखिलेश, बिपिन, संतोष, प्रभास, आशीष श्रीवास्तव, आरएस राय और आशीष त्यागी, रोहन भगत, रवींद्र सिन्हा, एसपी कुलश्रेष्ठ, आरसी भट्ट, संदीप द्विवेदी और एलडी शर्मा आदि प्रमुख रुप से शामिल रहे।