प्राधिकरण की नई पहल: ग्रेनो वेस्ट में बनेगा ओपन लाइब्रेरी और एम्फीथिएटर वाला सरस्वती गार्डेन
Hot Actress कातिलाना अदाओं से सुर्खियां बटोर रही ये एक्ट्रेस, देखें Bold Photo
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 01:48 PM
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ग्रेनो वेस्ट के निवासियों के लिए एक नई सौगात लेकर आ रहा है। प्राधिकरण सेक्टर 16बी में एक अनोखा थीम पार्क ‘सरस्वती गार्डेन’ विकसित करने जा रहा है। यह गार्डेन ज्ञान, संगीत और कला की देवी मां सरस्वती को समर्पित होगा। गार्डन की योजना को सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है और तकनीकी परीक्षण के बाद डिजाइन को अंतिम रूप देकर टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
ओपन लाइब्रेरी और अध्ययन कक्ष का होगा निर्माण
इस गार्डेन की खास बात यह होगी कि इसमें ओपन लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा, जहाँ छात्र खुले वातावरण में अध्ययन कर सकेंगे। गार्डन में एक कमल के आकार का अध्ययन कक्ष भी बनाया जाएगा, जो इस पार्क की एक विशेष पहचान बनेगा। इस शांत और प्रेरणादायक वातावरण को छात्रों व पुस्तक प्रेमियों के लिए आदर्श स्थान के रूप में विकसित किया जाएगा, जहाँ वे भविष्य के सपनों को आकार दे सकें।
एम्फीथिएटर और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए मंच
सरस्वती गार्डन में एक अर्धवृत्ताकार एम्फीथिएटर भी बनाया जाएगा। इसमें प्राकृतिक पत्थरों से बनी बेंचें होंगी, जिन पर बैठकर लोग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संवाद और प्रस्तुति का आनंद ले सकेंगे। इससे स्थानीय कलाकारों और विद्यार्थियों को एक मंच मिलेगा, जहाँ वे अपने विचार और प्रतिभा प्रस्तुत कर सकेंगे।
वीणा की भव्य मूर्ति और हरियाली से सजा वातावरण
गार्डेन की एक अन्य खासियत वीणा की विशाल मूर्ति होगी, जो मां सरस्वती की उपस्थिति का प्रतीक बनेगी और संगीत की दिव्यता को दर्शाएगी। पूरे पार्क में भरपूर हरियाली, प्राकृतिक टीले और सुंदर पैदल पथ बनाए जाएंगे, जिससे यह स्थान पर्यावरण के अनुकूल और देखने में भी आकर्षक लगेगा।
अधिकारियों की प्रतिक्रिया
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने इस परियोजना की पहल करते हुए निर्देश दिए कि ग्रेनो वेस्ट निवासियों के लिए एक भव्य थीम पार्क बनाया जाए। इस निर्देश पर ही सरस्वती गार्डन की योजना तैयार की गई। परियोजना महाप्रबंधक ए.के. सिंह ने बताया कि पार्क की संरचना और डिजाइन को विशेष रूप से छात्रों और कलाकारों के अनुकूल बनाया जा रहा है।
प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने कहा कि “सरस्वती गार्डेन ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों, छात्रों और कलाकारों के लिए प्रेरणा और सहभागिता का मंच बनेगा। ग्रेनो वेस्ट में थीम पार्क की लगातार मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।”
नोएडा-अलीगढ़ एक्सप्रेसवे : 41 गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ, 13,300 एकड़ भूमि का होगा अधिग्रहण