
ग्रेटर नोएडा लाइव : उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण यीडा द्वारा निकाली गई प्लॉट वाली स्कीम के ड्रॉ में जिन लोगों का नाम नहीं आ सका है, उन्हें मायूस होने की जरुरत नहीं है। यमुना प्राधिकरण ने ऐसे आवेदकों का पैसा वापस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिन आवदेकों का प्लॉट वाली स्कीम के ड्रॉ में नाम नहीं आ सका। अगले दस दिनों के भीतर सभी का पैसा उनके बैंक खाते में वापस पहुंच जाएगा।
आपको बता दें कि यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण यीडा की ओर से पिछले महीने आवासीय प्लॉट की स्कीम को लांच किया गया था। इस योजना के तहत 1184 लोगों को विभिन्न साइज के भूखंड आवंटित किए जाएंगे। इस योजना में 1 लाख 30 हजार लोगों ने आवेदन किया था। प्लॉट का आंवटन ड्रॉ के जरिए होना था। स्कीम के तहत ड्रॉ की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है और यमुना प्राधिकरण ने प्लॉट आंवटन की प्रक्रिया पर काम तेज कर दिया है। इसके साथ ही उन लोगों का पैसा वापस करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जिन लोगों का नाम ड्रॉ में नहीं आ सका है।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ डा. अरुणवीर सिंह ने चेतना मंच को बताया कि ड्रॉ में जिन लोगों का नाम नहीं आया है, उनका पैसा 31 अक्टूबर तक उनके बैंक खाते में वापस पहुंच जाएगा। शुक्रवार से पैसा लोगों के अकाउंट में भेजना शुरू कर दिया गया है। इसके लिए गुरुवार को यमुना प्राधिकरण और संबंधित बैंक अधिकारियों के साथ एक बैठक हुई थी। बैठक में निर्देश दिए गए हैं कि हर रोज जितने लोगों का पैसा उनके अकाउंट में बैंक भेजा जा रहा है उसकी रिपोर्ट रोजाना शाम को यमुना प्राधिकरण को भेजी जाएगी। जिससे पता चलता रहेगा कि पैसा वापस भेजने की प्रक्रिया बैंक कितनी सक्रियता से कर रहा है।
यमुना अथॉरिटी की आवासीय प्लॉट स्कीम के ड्रॉ में जिन लोगों का नाम आया है, उन्हें बुधवार 25 अक्टूबर से आवंटन लेटर मिलना शुरू हो जाएगा। आवंटन लेटर मिलने के 60 दिन के अंदर संबंधित प्लॉट का पूरा पेमेंट करना होगा। जो लोग 60 दिन में पेमेंट नहीं कर पाएंगे उनका प्लॉट निरस्त हो जाएगा। इस ड्रॉ में केवल उन लोगों को शामिल किया गया था जिन्होंने आवेदन करने के दौरान एकमुश्त पैसा देने का पेमेंट प्लान भरा था। किश्तों में पेमेंट देने का प्लान भरने वालों को ड्रॉ में शामिल नहीं किया गया था।