
Greater Noida: दुनिया में सबसे प्यारा और मजबूत रिश्ता मां और बच्चे का होता है, लेकिन जब मां ही कुमाता हो जाए तो मान लीजिए अब मनुष्य जानवर से भी बदतर हो गया है। ऐसा ही एक मामला थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में प्रकाश में आया है। यहां एक कलयुगी मां ने अपनी नवजात बच्ची को कड़ाके की ठंड में मरने के लिए झाडिय़ों में फेंक दिया।
थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के शारदा हॉस्पिटल के पास झाडिय़ों में एक नवजात बच्ची मिली है। खुले आसमान तले झाडिय़ों में पड़ी इस बच्ची की ठंड लगने से हालत नाजुक हो गई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि किसी व्यक्ति ने सूचना दी कि शारदा हॉस्पिटल के पास झाडिय़ों में एक बच्ची रो रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को तुरंत अभिरक्षा में लिया। ठंड में पड़े रहने के कारण बच्ची की हालत काफी खराब थी जिसे उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संभावना व्यक्त की जा रही है कि किसी कुंवारी माँ ने लोक लाज के भय से बच्ची को मरने के लिए झाडिय़ों में लावारिस फेंक दिया। थाना प्रभारी का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्ची को झाडिय़ों में कौन फेंककर गया है।
झाडिय़ों में लावारिस पड़ी बच्ची के मिलने की सूचना पर मौके पर इकट्ठा हुए अधिकतर लोग कलयुगी मां को कोसते नजर आए जिसने बच्चे को मरने के लिए झाडिय़ों में फेंक दिया।