
Greater Noida. अपराधिक वारदातों को छिपाने के लिए पुलिस किस तरह के खेल करती है इसी एक बानकी आपको यहां पर देखने को मिलेगी। दरअसल, मंगलवार को थाना बिसरख पुलिस और दो चेन लुटेरों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बाद दोनों चेन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस ने थाने में महिलाओं से चेन लूट की जितनी शिकायते प्राप्त हुई थी, उन्हें खंगालना शुरू कर दिया और जिन मामलों में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी उन मामलों की आनन फानन में रिपोर्ट दर्ज की गई।
सुपरटेक इकोविलेज वन निवासी कनिका 22 जून 2023 को क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित अपनी ससुराल से वापस अपने घर लौट रही थी। घर आने के लिए उसने ओला बाइक बुक की थी। वह ओला बाइक पर घर के लिए आ रही थी। इस दौरान पीछे से बाइक पर आए दो बदमाश उसके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए थे। कनिका ने 22 जूून को ही थाना बिसरख पर शिकायत दे दी थी। पुलिस ने शिकायती पत्र ले तो लिया था लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। अब मंगलवार की शाम दो चेन लुटेरों के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने आनन फानन में कनिका का शिकायती पत्र फाइल से बाहर निकाला और रिपोर्ट दर्ज की।
इसी थाना क्षेत्र के पंचशील ग्रीन दो सोसाइटी के पास पल्सर बाइक सवार बदमाशों ने अंकुर दुबे की सोने की चैन छीन ली और फरार हो गए। लूटी गई चेन की कीमत करीब 5 लाख रुपए है। पीड़ित के मुताबिक उसने अपनी स्कूटी से बाइक सवार बदमाशों का करीब 1 किलोमीटर तक पीछा भी किया लेकिन वह पकड़ में नहीं आए। इसके बाद उसने पीसीआर पर तैनात पुलिसकर्मियों को लूट की सूचना दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। Greater Noida News