
Greater Noida : ईस्टर्न पेरिफेरल को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए इंटरचेंज का काम शुक्रवार से शुरू हो गया है। इंटरचेंज का यह काम अगले 18 महीनों में पूरा कर लिया जाएगा। शुक्रवार को इंटरचेंज के काम का शुभारंभ करने के लिए यूपी सरकार के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र नोएडा पहुंचे और शिलान्यास किया। इस काम पर 122 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा के जगनपुर गांव के पास बन रहे इंटरचेंज से प्रभावित किसान 64़ 7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजे की मांग को लेकर कोर्ट चले गए थे। इंटरचेंज के निर्माण के लिए 2018 में ही कंपनी का चयन कर लिया गया था। प्रभावित किसानों को अतिरिक्त मुआवजा दिए जाने के बाद इंटरचेंज के निर्माण का रास्ता साफ हो गया। हालांकि इस दौरान निर्माण की लागत 75 करोड़ से बढ़कर 122 करोड़ रुपये हो गई है।
यीडा सिटी के गांव जगनपुर-अफजलपुर के पास बनने वाले इंटरचेंज का शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने शिलान्यास किया। किसानों के कोर्ट चले जाने से यह परियोजना पिछले छह सालों से अटकी पड़ी थी। इंटरचेंज का शिलान्यास करने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि यमुना और ईस्टर्न पेरिफेरल दोनाें महत्वपूर्ण एक्सप्रेसवे हैं। इनके आपस में जुड़ने से काफी फायदा होगा। पिछले कई सालों से यह समस्या बनी हुई थी। इसमें प्राधिकरण व एनएचआई के अधिकारियों के अलावा किसानों का सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि इस इंटरचेंज के बनने से नोएडा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी और सुगम हो जाएगी। ट्रैफिक की समस्या से राहत मिलने के साथ धन और समय की भी बचत होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के जेवर विधानसभा सीट से विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट से गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर के लोगों को भी सहूलियत होगी। साथ ही आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, हाथरस के लोग भी इंटरचेंज बनने पर नोएडा, ग्रेटर नोएडा जाए बिना सीधे मेरठ और गाजियाबाद जा सकेंगे। वहीं इटरचेंज के चार लूप एवं चार रैंप के माध्यम से यमुना एक्सप्रेसवे एवं ईस्टर्न पेरिफेरल के यातायात के लिए कुंडली, पानीपत, मेरठ, ग्रेनो एवं यीडा सिटी क्षेत्र के लोग जेवर एयरपोर्ट तक सीधा पहुंच सकेंगे। इससे लगभग एक से दो घंटे की बचत होगी। डीएम मनीष कुमार वर्मा, यमुना प्राधिकरण के सीईओ अरुणवीर सिंह, एसीईओ श्रुति, कपिल सिंह, विपिन जैन, ओएसडी शैलेंद्र भाटिया, शैलेंद सिंह, जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह समेत अधिकारी मौजूद रहे।