
Greater Noida : उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) को एक बड़ा गिफ्ट दिया है। सरकार की ओर से मिले इस बड़े गिफ्ट से यमुना प्राधिकरण की परियोजनाओं को पंख लगेंगे। जेवर एयरपोर्ट के आसपास आवासीय सेक्टरों का विकास होगा। योगी सरकार ने यमुना प्राधिकरण के लिए 1779 करोड़ रुपये स्वीकृत कर जारी कर दिए हैं। खास बात यह कि इस धनराशि को 25 साल में बिना ब्याज के वापस करना होगा।
आपको बता दें कि यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्रधिकरण (YEIDA) ने महत्वपूर्ण योजनाओं को पूरा करने के लिए यूपी सरकार से ब्याज मुक्त ऋण की मांग की थी। जिससे यमुना प्राधिकरण की परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा सके। यूपी सरकार ने यमुना प्राधिकरण को 1779 करोड़ रुपये प्रदान करने की स्वीकृति देने के साथ ही 1500 करोड़ रुपये यमुना प्राधिकरण के खाते में ट्रांसफर भी कर दिए हैं।
सरकार से मिली इस राशि से जेवर एयरपोर्ट के आसपास सेक्टरों को बसाया जाएगा। इसके लिए प्राधिकरण ने टप्पल बाजना अर्बन सेंटर की भूमि, सेक्टर-10 में ईएमसी व औद्योगिक भूखंड, सेक्टर-7 में वेयर हाउस, लॉजिस्टिक व औद्योगिक भूखंड और हैंडीक्रॉफ्ट, एमएसएमई अपैरल पार्क व सेक्टर-32 में औद्योगिक भूखंड तथा सेक्टर-28 मेडिकल डिवाइस पार्क आदि परियोजनाओं का हवाला दिया था। जिससे अवशेष भूमि को प्राथमिकता के आधार विकसित किए जाने हेतु भूमि अधिग्रहण का कार्य जल्द किया जा सके।
YEIDA के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार से पहली बार इतनी बड़ी धनराशि यमुना प्राधिकरण को मिली है। खास बात यह है कि इस धनराशि को बिना ब्याज के वापस करना होगा। विकास परियोजनाओं के लिए प्रदेश सरकार से 1779 करोड़ रुपये मिले हैं। इस धनराशि को 25 साल में बिना ब्याज के वापस करना होगा। इससे प्राधिकरण को काफी राहत मिल जाएगी। फिलहाल पैसे के कारण जो योजनाएं प्रभावित हो रही थी, अब उन योजनाओं को आसानी से पूरा कर लिया जाएगा।