
Greater Noida (चेतना मंच)। पैरामाउंट फ्लोर विला सोसाइटी में अपने दोस्त के घर आई एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला का अपने पति से न्यायालय में तलाक का मुकदमा चल रहा है। डिप्रेशन की शिकार महिला पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी।
थाना सेक्टर-142 प्रभारी उत्तम कुमार ने बताया कि बीती रात्रि पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-137 स्थित पैरामाउंट फ्लोर विला सोसाइटी में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच में महिला का नाम हनी द्विवेदी पत्नी अमित द्विवेदी पता चला। हनी द्विवेदी अपने दोस्त रोहित के पास 2 दिन पूर्व रहने के लिए आई थी। सुबह के समय रोहित अपनी जॉब पर गुडग़ांव चला गया था। शाम के समय जब वह वापस लौटा तो उसे हनी फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली।
हनी द्विवेदी का अपने पति से पिछले डेढ़ साल से तलाक का मुकदमा न्यायालय में चल रहा है। वह पिछले काफी समय से डिप्रेशन में चल रही थी। इस हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची मृतका की बहन ने बताया कि वह पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। दोनों बार परिजनों ने उसे किसी तरह समय पर अस्पताल पहुंचाकर बचा लिया था। थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से फॉरेंसिक टीम द्वारा भी साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान कर रख में रखकर जांच पड़ताल कर रही है।
घरेलू झगड़े में पत्नी के मायके जाने से आहत होकर एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। थाना सेक्टर-63 प्रभारी अमित कुमार मान ने बताया कि रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि जोधपुर कॉलोनी में एक युवक ने फांसी लगा ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की शिनाख्त बदायूं निवासी 32 वर्षीय रिंकू पुत्र चंद्रपाल के रूप में हुई। रिंकू अपनी पत्नी के साथ जोधपुर कॉलोनी में किराये पर रह रहा था।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि कुछ दिनों पहले उसका अपनी पत्नी से विवाद हो गया था जिसके बाद वह मायके चली गई थी। पत्नी के मायके जाने के बाद से रिंकू परेशान चल रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। Greater Noida