
Greater Noida (चेतना मंच)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक कलियुगी भाई ने अपने ही भाई की जान ले ली है। भाई द्वारा मां की पिटाई किए जाने और शराब पीकर हंगामा करने से नाराज भाई ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अपने सगे भाई को मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपियों ने शव व बाइक को नहर में फेंककर उसे दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी और उसके 3 दोस्तों को गिरफ्तार किया है।
ग्रेटर नोएडा जोन के एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि 6 नवंबर को किसी व्यक्ति ने थाना जारचा पुलिस को सूचना दी की प्यावली गांव के पास नहर में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। शव के पास ही बुलेट बाइक भी पड़ी हुई थी। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान आशुतोष चौहान पुत्र रविंद्र चौहान निवासी ग्राम धूम मानिकपुर के रूप में हुई। मृतक के गले पर निशान थे जिस कारण उसकी हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही थी। मृतक की पत्नी श्रीमती शिवानी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने जब छानबीन शुरू की तो उसे अहम सुराग हाथ लगे।
एडीसीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि आशुतोष की हत्या में उसके छोटे भाई राहुल व उसके दोस्त शामिल हैं। राहुल को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की गई तो पहले उसने पुलिस को बरगलाने का प्रयास किया। बाद में पूछताछ के दौरान राहुल ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर आशुतोष की हत्या करने का गुनाह कबूल लिया।
राहुल ने बताया कि आशुतोष आए दिन शराब पीकर घर आता था और हंगामा करता था। 5 नवंबर की शाम को वह शराब पीकर घर आया और उसने अपनी मां के साथ मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। रोज-रोज के झगड़े से परेशान होकर उसने अपने दोस्त दीपक, बंटी व निशु को फोन कर बुलाया और भाई को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। योजना के तहत वह आशुतोष को दादरी के पास कच्ची कॉलोनी लेकर गए और यहां उसे जमकर शराब पिलाई। नशे में हो जाने के बाद उन्होंने गमछे से उसका गला घोंट कर हत्या कर दी।
एडीसीपी ने बताया कि हत्या करने के बाद राहुल अपने दोस्तों की मदद से भाई के शव को मोटरसाइकिल पर रखकर प्यावली गांव के पास पहुंचा। इसके बाद उसने शव को बुलेट सहित नहर में फेंक दिया और घर चला आया।