
Greater Noida : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में सात माह की बच्ची को उठाकर उसके साथ दरिंदगी करने वाले एक वहशी दरिंदें को नोएडा (गौतमबुद्धनगर) जिला न्यायालय ने जिंदगीभर के लिए कालकोठरी यानि जेल भेज दिया है। ग्रेटर नोएडा कोर्ट ने आरोपी युवक को आजीवन कारावास और 50 हजार रुपये का अर्थदंड अदा करने की सजा सुनाई है। अर्थदंड अदा न करने पर एक साल की अतिरिक्त सजा भोगनी पड़ेगी।
आपको बता दें कि करीब 17 महीने पहले ग्रेटर नोएडा की दनकौर कोतवाली पर मनोज नामक के खिलाफ बच्ची से रेप किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी मामले में ग्रेटर नोएडा (गौतमबुद्धनगर जनपद) के एडिशनल सेशन जज, स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट प्रथम विकास नागर की कोर्ट ने दोष सिद्ध हो जाने पर मनोज को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
जिला सहायक शासकीय अधिवक्ता जेपी भाटी ने बताया कि 17 महीने पहले 9 जुलाई की शाम करीब साढ़े सात बजे सात महीने की बच्ची के परिजन दनकौर कोतवाली पहुंचे थे। उन्होंने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि गांव का रहने वाला मनोज घर पर आया। उस समय बच्ची अपने दादा के पास सो रही थी। मनोज ने बच्ची को गोद में ले लिया और दादा को माचिस व पानी खरीदने के लिए दुकान पर भेज दिया। जैसे ही दादा वहां से गए, मनोज ने मौका पाकर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के रोने पर परिजनों को मामले की जानकारी हुई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मनोज को गिरफ्तार किया।
जिला सहायक शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कोर्ट में केस ट्रायल पर शुरू हुआ। कुल 17 लोगों की गवाही इस केस में हुई। मेडिकल रिपोर्ट को केस में अहम साक्ष्य माना गया। घटना के दौरान बच्ची महज सात महीने की थी, इस वजह से वह मनोज को पहचान नहीं सकती थी। करीब 17 महीने तक कोर्ट में चली सुनवाई के बाद कोर्ट ने मनोज को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।