
Greater Noida : (चेतना मंच)। अलग-अलग स्थानों पर तीन युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिले हैं जिस कारण आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
थाना कासना क्षेत्र के कस्बे में अजय पाल शर्मा के मकान में किराए पर रहने वाले आकाश पुत्र रंजन चौधरी निवासी सासनी हाथरस ने दोपहर को अपने कमरे में फांसी लगा ली। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आकाश अपने माता पिता के साथ किराए पर रह रहा था। आकाश व उसके पिता एक ही कंपनी में काम करते थे। शुक्रवार को आकाश ने कंपनी में तबीयत खराब होने की बात कही और छुट्टी लेकर कमरे पर चला आया। कमरे पर आकर आकाश ने फांसी लगा ली। शाम के समय जब पिता रज्जन चौधरी कमरे पर पहुंचा तो उसे आकाश फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना बीटा-2 क्षेत्र के सेक्टर पी-3 के डी ब्लॉक में रहने वाले लिटोन मलाका उर्फ राजू पुत्र रमेश मालाकार ने बीते रात्रि अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। लिटोन मलाका मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला था और ग्रेटर नोएडा में अपने परिवार सहित रह रहा था। वह एडब्ल्यूएचओ सोसायटी में कुक का काम करता था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उसका अपनी पत्नी से 2 दिन पहले वाद विवाद हुआ था जिसको लेकर वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
थाना जारचा क्षेत्र के ग्राम कुशलपुरा में (28 वर्षीय) रवि पुत्र जयवीर सिंह ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रवि पिछले कई सालों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि रवि की पत्नी 8 साल पहले उसे छोडक़र चली गई थी। इसके बाद वह काफी शराब पीने लगा था। शराब पीने के कारण है मानसिक अवसाद में चल रहा था।
थाना फ़ेस-2 क्षेत्र के भंगेल गांव में किराए पर रहने वाली एक महिला ने बीती रात्रि फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी और उसकी 2 माह पूर्व ही शादी हुई थी। मूल रूप से पश्चिम बंगाल निवासी जहांगीर आलम अपनी पत्नी बीनू ताजमहल सरकार के साथ भंगेल गांव में किराए पर रह रहा था। रात्रि के समय जहांगीर आलम घर से बाहर गया था। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटा तो उसे अपनी पत्नी फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना फेस-2 पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना प्रभारी विद्यांचल तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जहांगीर आलम की यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली पत्नी का देहांत हो गया था। पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच मनमुटाव चल रहा था। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि संभवत पारिवारिक विवाद के चलते बीनू ताजमहल सरकार ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृतका के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
नोएडा ग्रेटर- नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।
देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।