
Greater Noida : थाना दनकौर क्षेत्र के बाघपुर गांव के पास बीती रात बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक से हथियारों के बल पर उसकी बाइक, सोने की चेन, मोबाइल व नकदी लूट ली। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया।
कनारसी गांव निवासी अंकित नागर सिरसा टोल टैक्स पर सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है। बीती रात्रि करीब 11:30 बजे वह अपनी बाइक से सिरसा टोल के लिए जा रहा था। बाघपुर गांव के भट्टे के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसकी बाइक रुकवा ली। बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे बाइक, नगदी, सोने की चेन व मोबाइल फोन आदि लूट लिया।
इस बात का जब अंकित नागर ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी बाइक को लेकर मौके से फरार हो गए। अंकित नागर ने किसी तरह थाना दनकौर पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद पीडि़त की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले का खुलासा करने के लिए दो टीमें बनाई गई हैं।