विज्ञापन

Greater Noida : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा शहर में एक सनसनीखेज वारदात हो गई। ग्रेटर नोएडा की दनकौर कोतवाली क्षेत्र में पड़ोसियों ने एक यूट्यूबर को पहले उसे उसके घर से अपने घर पर बुलाया और फिर पीट पीटकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
मामला ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर गुर्जर का है। यहां का रहने वाले बलबीर का बेटा एक यूट्यूबर था। दीपक यूट्यूब पर कई तरह की वीडियो बनाकर अपलोड करता था। बताया जाता है कि रविवार की रात उसके पड़ोस में ही रहने वाले मनीष, प्रिंस, विक्की, योगेंद्र, विजय, कपिल व मिंकू ने बहाने से दीपक को अपने घर पर बुलाया।
आरोप है कि आरोपियों ने दीपक को अपने घर बुलाया, जबरन उसे शराब पिलाई। बताया जाता है कि शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद के चलते आरोपियों ने दीपक को लाठी डंडो से पीटकर गंभीर रुप से घायल कर दिया।
पिटाई से दीपक के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई। घायल अवस्था में परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान सोमवार की शाम दीपक की मौत हो गई। दनकौर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर नामजद आरोपितों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
विज्ञापन