GREATER NOIDA: ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर पुलिस ने हत्या के आरोप में वांछित चल रही महिला को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस मृतक की पत्नी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। युवक की हत्या अवैध संबंधों में बाधक बनने पर पत्नी व उसके प्रेमी ने मिलकर की थी।
GREATER NOIDA
थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर हत्या के मामले में वांछित चल रही पुष्पा को गिरफ्तार किया गया है। मूल रूप से बदायूं के रहने वाले नीरेश की पत्नी के पड़ोस में ही रहने वाले सत्यपाल के साथ अवैध संबंध थे। इस बात की जानकारी होने पर निरेश आए दिन नीतू के साथ शराब पीकर मारपीट करता था। रोज-रोज की मारपीट से तंग आकर नीतू ने अपने पति को रास्ते से हटाने का फैसला कर डाला।
गत 13 फरवरी को नीतू ने अपने प्रेमी सत्यपाल व उसकी पत्नी पुष्पा के साथ मिलकर अपने पति नीरेश की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को अपने गृह जनपद बदायूं ले गई। परिजनों को शक होने पर उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराया तो पता चला कि निरेश की मौत गला दबाने से हुई है। इसके बाद परिजनों ने थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने नीरेश की पत्नी नीतू को गत दिनों गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में वांछित सत्यपाल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।