Greno West : गौतमबुद्ध नगर विकास समिति ने दादरी विधायक तेजपाल नागर को बताईं ग्रेनो वेस्ट की समस्याएं
Gautam Buddha Nagar Development Committee told the problems of Greno West to Dadri MLA Tejpal Nagar
भारत
चेतना मंच
13 Mar 2023 06:47 PM
ग्रेटर नोएडा वेस्ट। गौतमबुद्ध नगर विकास समिति की अध्यक्ष रश्मि पांडेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने दादरी विधायक तेजपाल नागर से मुलाकात की और उन्हें ग्रेटर नोएडा वेस्ट में व्याप्त समस्याओं से अवगत करवाया। विधायक ने इन समस्याओं के शीघ्र निदान का भरोसा दिया।
Greno West
समिति की अध्यक्ष रश्मि पांडेय ने बताया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में सारा कार्य रामभरोसे चल रहा है। ग्रीनबेल्ट में गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है। पेड़ों की कटिंग नहीं होती है। वृक्षों को पानी भी नहीं दिया जाता है। ज़्यादार पेड़ों से ट्री गार्ड गायब हो चुके हैं। रखरखाव के अभाव में शहर से हरियाली गुम होती जा रही है। लगातार शिकायत के बाद भी प्राधिकरण समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है।
रश्मि पांडेय ने बताया कि ग्रेनो वेस्ट की सर्विस रोड पर स्पीड ब्रेकर ना होने के कारण वाहनों से पैदल चल रहे राहगीर और पशु चोटिल हो जाते हैं। पिछले कई सालों से ऐसी दुर्घटनायें होती रहती हैं। एक मूर्ति चौक के पास सर्विस रोड पर सबसे अधिक दुर्घटनाएं होती हैं।
Greno West
समिति की अध्यक्ष ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जिस तरह आबादी बढ़ रही है, यहां पर अंतिम संस्कार के लिए कोई स्थान नहीं है। जबकि यहां के निवासी काफ़ी दिनों से प्राधिकरण से इसकी मांग करते आ रहे हैं। प्राधिकरण के पूर्व सीईओ नरेंद्र भूषण द्वारा बोर्ड में प्रस्ताव पास होने पर भी अंतिम निवास का कार्य ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है। उस प्रस्ताव के तहत बिसरख के पास श्मशान घाट बनाया जाना तय हुआ था।
उन्होंने बताया कि हाईराइज सोसाइटी में लोग लगातार मल्टी पॉइंट कनेक्शन की मांग कर रहे हैं। सरकार ने काफी पहले इस बाबत आदेश जारी कर दिया था। लेकिन, बिल्डर और बिजली विभाग की मिलीभगत से सोसायटियों में सिंगल कनेक्शन को मल्टी पॉइंट कनेक्शन में बदलने के लिए सभी दस्तावेज और कंसेंट देने के बावजूद निवासियों को महंगी दरों पर बिजली का उपयोग करना पड़ता है। गर्मी के समय यह समस्या और भी विकराल रूप ले लेती है। निवासियो को इसका बोझ उठाना पड़ता है।
प्रतिनिधिमंडल में अनामिका, सिम्मी, सरिता वर्मा, रुचि, प्रियंका, स्वप्निल, वीणा, अंजलि आदि शामिल थीं।
नोएडा ग्रेटर– नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिएचेतना मंचसे जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।