ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में गार्डों का हमला, बिजली संकट बना बवाल की वजह
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
28 Jun 2025 04:45 PM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट की मशहूर इकोविलेज-1 सोसायटी शुक्रवार को हिंसा का मैदान बन गई, जब बिजली कटौती से परेशान रेजिडेंट्स और मेंटेनेंस विभाग के गार्डों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई शुरू हो गई। गार्डों ने रेजिडेंट्स पर लात-घूंसे और लाठियों से हमला कर दिया। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बिजली संकट ने बढ़ाया गुस्सा
इकोविलेज-1 सोसायटी में बीते कई दिनों से लगातार बिजली कटौती हो रही थी। परेशान निवासियों ने जब शुक्रवार को मेंटेनेंस विभाग से जवाब मांगा, तो बातचीत ने तेज बहस का रूप ले लिया। माहौल बिगड़ा और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। सिक्योरिटी गार्डों ने अचानक रेजिडेंट्स पर हमला कर दिया, जिससे कुछ लोग घायल भी हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें गार्ड रेजिडेंट्स को लाठियों से पीटते नजर आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और थाना बिसरख की टीम ने रविंद्र, सोहित, सचिन कुन्तल और विपिन कसाना नाम के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ये सभी आरोपी मेंटेनेंस विभाग से जुड़े हुए हैं।
रेजिडेंट्स में डर का माहौल
इस घटना के बाद सोसायटी के निवासियों में गहरा डर और नाराजगी है। लोगों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। रेजिडेंट्स का कहना है कि मेंटेनेंस टीम और सिक्योरिटी गार्डों की मनमानी अब बर्दाश्त से बाहर है।
पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
थाना बिसरख पुलिस ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। सोसायटी में निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो। इस पूरी घटना ने हाउसिंग सोसायटियों में मेंटेनेंस और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक तरफ बिजली जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव वहीदूसरी तरफ रेजिडेंट्स की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर संकट इकोविलेज-1 की घटना ने सोसायटी प्रशासन और सिस्टम की लापरवाही को उजागर कर दिया है। अब देखना होगा कि इस पर कितनी सख्त और स्थायी कार्रवाई होती है। Greater Noida News