
Greater Noida : दादरी के चिटहेरा गांव की आधी आबादी अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर है। गांव के इस हिस्से में रहने वाले ग्रामीणों को बिजली न मिल पाने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जाता है कि गांव को बिजली सप्लाई करने वाला ट्रांसफार्मर चोरों ने चोरी कर लिया। विद्युत विभाग की ओर से दूसरा ट्रांसफार्मर न रखे जाने के कारण आधा गांव अंधेरे में डुबा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार चिटहेरा गांव को पल्ला रोड पर रखे विद्युत ट्रांसफार्मर से बिजली सप्लाई होती है। लेकिन चोरों ने 11 हजार की हाइ वोल्टेज लाइन को ही काट दिया और इसके बाद पल्ला रोड पर रखे विद्युत ट्रांसफार्मर को चोरी कर लिया। ट्रांसफार्मर चोरी होने के कारण चिटहेरा गांव के आधे हिस्से को बिजली नहीं मिल पा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत विभाग को शिकायत करने के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। गांव में बिजली न मिलने के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिन ग्रामीणों ने अपने घरों में इनवर्टर लगाए हैं, वह इनवर्टर भी अब डाउन हो गए हैं। इस वजह से ग्रामीणों को भोजन पकाने से लेकर अन्य कार्य अंधेरे में ही करने पड़ रहे हैं।