VVIP होम्स में खुशियों की दस्तक, खरीदारों को मिला मालिकाना हक
Greater Noida Samachar
ग्रेटर नोएडा
चेतना मंच
01 Dec 2025 03:01 AM
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 16सी स्थित वीवीआईपी होम्स (सोलिटेयर इंफ्राहोम्स) के फ्लैट खरीदारों के लिए बुधवार का दिन बेहद खास और यादगार बन गया। वर्षों की प्रतीक्षा के बाद आखिरकार उन्हें अपने फ्लैट का कानूनी मालिकाना हक मिल गया। इस अवसर पर सोसाइटी परिसर में ही रजिस्ट्री के लिए एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जिसे ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, स्टांप विभाग और बिल्डर ने मिलकर संचालित किया। Greater Noida Samachar
पहले से ही हो चुकी रजिस्ट्री
शिविर का शुभारंभ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) श्रीलक्ष्मी वीएस की उपस्थिति में हुआ। उन्होंने रजिस्ट्री प्रक्रिया का जायजा लिया और खरीदारों को रजिस्ट्री के प्रमाण-पत्र भी सौंपे। पहले ही दिन 76 फ्लैटों की रजिस्ट्री पूरी की गई और दस्तावेज संबंधित मालिकों को सौंपे गए। कुल 286 फ्लैटों की रजिस्ट्री प्रस्तावित है, जबकि सोसाइटी में लगभग 1300 फ्लैट हैं जिनमें से कुछ की रजिस्ट्री पहले ही हो चुकी है।
कैंप लगाकर पूरी की जा रही प्रक्रिया
इस पहल के पीछे ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश हैं, जिनके तहत खरीदारों को रजिस्ट्री के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसलिए सोसाइटियों में ही कैंप लगाकर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। फ्लैट खरीददारों सौरव जैन, अतुल गुप्ता, मनविंदर सिंह भाटिया और रीता भटनागर ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की और प्राधिकरण व सरकार के प्रति आभार जताया। उन्होंने बताया कि वर्षों की असमंजस और इंतजार के बाद आज उन्हें अपने घर का असली हक मिला है जो किसी सपने के सच होने जैसा है।
शिविर में प्राधिकरण के बिल्डर विभाग की प्रबंधक स्नेहलता, स्टांप विभाग व बिल्डर के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने फ्लैट खरीदारों के धैर्य और विश्वास की सराहना की और भरोसा दिलाया कि प्राधिकरण भविष्य में भी जनता की सुविधा के लिए इसी तरह प्रयासरत रहेगा। Greater Noida Samachar