
ग्रेटर नोएडा लाइव (चेतना मंच)। अगर आप महंगी शराब पीने के शौकीन हैं तो सावधान हो जाइए। ऐसा ना हो कि आप मिलावटी शराब पी रहे हों। कुछ सेल्समैन हरियाणा से सस्ती दरों पर शराब लाकर उसे यूपी राज्य का मार्क लगी बोतलों में भरकर ठेके पर बेच रहे हैं। थाना दादरी पुलिस ने शराब ठेके के एक सेल्समैन को इस तरह का फर्जीवाड़ा करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि सेक्टर म्यू-2 में एक व्यक्ति हरियाणा मार्का की अंग्रेजी शराब लाकर उत्तर प्रदेश मार्का की खाली बोतलों में भरकर बेचने का काम कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक फ्लैट पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस को कमरे में भारी मात्रा में शराब की भरी व खाली बोतलें, नए ढक्कन मिले।
पुलिस ने मौके से विनीत धामा पुत्र महेंद्र सिंह धामा निवासी बागपत को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में विनीत धामा ने बताया कि वह घोड़ी बछेड़ा के गोल चक्कर के पास स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके पर सेल्समैन का काम करता है। सेल्समैन के रूप में उसे 8000 रूपये वेतन मिलता है जिससे उसका काम नहीं चल पाता। इसलिए वह हरियाणा से सस्ती शराब लाकर उसे महंगी शराब की बोतलों, हाफ व क्वार्टर में भरकर शराब के ठेके पर बेच देता है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी हरियाणा से शराब लाकर उसे खाली बोतलों में भरकर ठेके पर बेचता था। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के कमरे से चंडीगढ़ मार्का की 8 बोतल, 33 हाफ मैकडॉवेल, नंबर वन तीन हाफ, रॉयल स्टैग, सहित बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें बरामद की हैं।